इंदौर के दो सरकारी अस्पतालों में 67 नवजात ने शुभ दिन लिया जन्म, परिजन भगवा वस्त्र पहनाने पहुंचे अस्पताल

इंदौर 

22 जनवरी 2024 को राम लला की शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बीच इंदौर शहर के दो सरकारी अस्पतालों में 67 शिशुओं की किलकारी से अस्पताल और उनके परिवार गूंज उठे। इनमें 35 मेल बेबी ने जन्म लिया। 20 बच्चे ऑपरेशन से हुए। इस दौरान कुछ लोग अपने नवजात बच्चों को पहनाने के लिए भगवा वस्त्र लेकर भी पहुंचे।

शासकीय एमटीएच की गाइनोकोलोजी विभाग की एचओडी डॉ सुमित्रा यादव ने बताया कि आज 12 बजे से शाम 8 बजे तक कुल 49 नवजात शिशुओं ने जन्म लिया जिसमें 26 मेल और 24 फ़ीमेल हैं। इनमें 18 डिलिवरी सिजेरियन भी हुईं।

शासकीय पीसी सेठी अस्पताल के अधीक्षक डॉ वीरेंद्र राजगीर ने बताया कि उनके अस्पताल में कुल 18 डिलिवरी हुई जिसमें 10 मेल और 8 फ़ीमेल नवजात हुए। और 2 सिजेरियन भी शामिल हैं। बच्चों के जन्म पर उनके परिवार में खुशियाँ आती ही हैं लेकिन आज लोग ज्यादा खुश थे, वे अपने नवजात बच्चों को पहनाने भगवा वस्त्र भी लाये थे।

दोनों वरिष्ठ डॉक्टरों की मानें तो यह आंकड़ा औसत सामान्य ही है। इसमें कोई भी प्री प्लान नहीं है। एमटीएच में रविवार को भी 52 डिलिवरी हुईं। कुछ एक ऐसे मामले पहले आए थे जो आज के इस एतिहासिक मुहूर्त में डिलिवरी करवाना चाहते थे लेकिन उनका बेबी डिलिवरी के अनुरूप पूर्ण नहीं था, इसलिए उनकी काउंसलिंग कर उन्हें वापस भेजा।  

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।