मुंबई, 19 अप्रैल 2025

विले पार्ले क्षेत्र में स्थित एक ऐतिहासिक एवं अति प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा हाल ही में ध्वस्त किए जाने को लेकर जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा के मध्यप्रदेश प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं जैन समाज के प्रतिनिधि दीपक जैन “टीनू” ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस घटना पर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में जैन ने उल्लेख किया है कि मंदिर का ध्वस्तीकरण उस समय किया गया जब मामला न्यायालय में लंबित था और मौखिक स्थगन आदेश प्राप्त हो चुका था। उन्होंने इसे न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना और जैन समाज की धार्मिक भावनाओं पर सीधा आघात बताया है।

दीपक जैन ने आरोप लगाया कि ध्वस्तीकरण के दौरान न केवल मंदिर की संरचना को नुकसान पहुंचाया गया, बल्कि वहां मौजूद धार्मिक ग्रंथों और पूजन सामग्री का भी अपमान हुआ। इस घटना के विरोध में देशभर में जैन समाज के लोग सड़कों पर उतरने को विवश हुए हैं। हाल ही में विले पार्ले से अंधेरी पूर्व तक निकाली गई रैली इस रोष का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री को संबोधित अपने पत्र में उन्होंने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:

1. बीएमसी की कार्यवाही की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

2. दोषी अधिकारियों पर विधिसम्मत कार्रवाई हो।

3. ध्वस्त किए गए मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जाए।

4. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी नगर निकायों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

दीपक जैन ने कहा कि जैन समाज ने सदैव देश की सांस्कृतिक और सामाजिक समृद्धि में शांतिपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे समुदाय की आस्था पर आघात केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी खतरा है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

इस पत्र की प्रतिलिपि महाराष्ट्र के राज्यपाल को भी भेजी गई है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *