राजेश जैन दद्दू, इंदौर, 01 फरवरी 2025,(न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126: श्रमण संस्कृति के समाधिष्ट महामहिम संत शिरोमणि दिगंबर जैन आचार्य विद्यासागर महामुनिराज के प्रथम समाधि दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार ₹100 मूल्य वर्ग का विशेष स्मारक सिक्का जारी करेगी। इस संबंध में वित्त मंत्रालय द्वारा शुक्रवार, 31 जनवरी 2025 को “भारत का राजपत्र” में अधिसूचना जारी की गई है।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि जैन समाज के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। आचार्य विद्यासागर जी महाराज का प्रथम समाधि स्मृति दिवस 6 फरवरी 2025 को है, और इसी उपलक्ष्य में भारत सरकार ने यह विशेष सिक्का जारी करने की घोषणा की है।
सिक्के की विशेषताएँ
सिक्का 44 मिलीमीटर व्यास का वृताकार होगा। इसमें 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकिल, और 5% जस्ता का मिश्रण होगा।
सिक्के का डिजाइन
अग्रभाग (सामने का हिस्सा)
मध्य में अशोक स्तंभ का प्रतीक होगा, जिसके नीचे “सत्यमेव जयते” लिखा होगा। बाईं ओर “भारत” (देवनागरी) और दाईं ओर “INDIA” (अंग्रेजी) अंकित होगा। सिंह स्तंभ के नीचे ₹ (रुपए का प्रतीक) और मूल्य 100 अंकित होगा।
पृष्ठ भाग (पीछे का हिस्सा)
आचार्य विद्यासागर महाराज का चित्र अंकित होगा। चित्र के बाईं ओर कमंडल और दाईं ओर पिच्छी (जैन साधुओं का प्रतीक) होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी में “संत शिरोमणि दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महामुनिराज” और अंग्रेजी में “SANT SHIROMANI DIGAMBAR JAINACHARYA VIDYASAGAR MAHAMUNIRAJ” अंकित होगा। इस सिक्के के जारी होने से जैन समाज और उनके अनुयायियों के लिए यह एक ऐतिहासिक और गर्व का क्षण होगा।