आंकलन: कांग्रेस के सत्यनारायण ने बढ़ाई बाबा हार्डिया की उम्मीदें

नेहा जैन, इंदौर

newso2.com@gmail.com 

मध्य प्रदेश की इंदौर की 5 नंबर विधान सभा यूं तो मध्य प्रदेश की सर्वाधिक मतदाताओं वाली सीटों में शुमार है। इतना ही नहीं वोटों के ध्रुवीकरण के लिहाज से इंदौर की पाँच नंबर विधान सभा में अल्पसंख्यक मतदाता निर्णायक भूमिका में माने जाते हैं। यही वजह है कि भगवा रंग में रंगी भाजपा यहाँ पिछले चार बार से अपने वयोवृद्ध नेता महेंद्र हार्डिया पर ही दांव लगाती रही है। बाबा के नाम से अपनी विधान सभा सहित मप्र की राजनीति में ख्यात हार्डिया सरल और सौम्य स्वभाव के नेता माने जाते हैं।

भाजापा के तरकस में एकमात्र हार्डिया ही ऐसे नेता हैं जो बहुसंख्यकों के साथ-साथ अल्प संख्यक मतदाताओं में भी खासा प्रभाव रखते हैं। मोदी-शाह के कथित केन्द्रीय नेतृत्व में लड़े जा रहे 2023 के मप्र विधान सभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के मापदंडों ने भाजपा के कई स्थापित मौजूदा विधायकों और प्रबल संभावित उम्मीदवारों को संशय में डाल रखा है। इसी संशय को लेकर इंदौर की विस 5 से भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया भी अछूते नहीं रहे हैं। मसलन बीते 6 माह में जहां भाजपा के  बूथ स्तर से लेकर सांसद स्तर के नेताओं को टिकट मिलने के नित दिन सपने आ रहे हैं। वहीं महेंद्र हार्डिया जैसे प्रतिदिन अपनी दावेदारी से खुद  दूर जा रहे हैं। कांग्रेस द्वारा गुरुवार को जैसे ही सत्यनारायण पटेल को 5 नंबर से प्रत्याशी घोषित किया गया , उसके बाद सियासी समीकरणों ने बाबा का भाजपा प्रत्याशी बनना जैसे तय कर दिया है। आपको बता दें 2018 के मप्र विधान सभा चुनाव में सत्यनारायण पटेल और महेंद्र हार्डिया के बीच ही कड़ा मुक़ाबला देखा गया था और इस मुक़ाबले में महज 1133 वोटों से महेंद्र हार्डिया भाजपा की लाज बचाने में सफल रहे थे। 2018 चुनाव की थकान उतरने के बाद तब पराजित कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल कई मौकों पर यह कहते हुए भी नजर आए थे कि उन्होने थोड़ी और मेहनत कर ली होती तो नतीजे कांग्रेस के पक्ष में होते ।

उधर सिटिंग एमएलए और पूर्व मंत्री महेंद्र हार्डिया बीते दिनों सार्वजनिक मंचों पर यह कहते हुए सुने गए कि इंदौर 5 से  केवल मैं स्वयं या भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय जैसा लोकप्रिय नेता ही चुनाव जिता सकता है।

इंदौर-5: भाजपा का संकट मोचक कौन ?

इस खबर को लिखने से पहले न्यूजओ2 ने भाजपा, संघ और इंदौर विस 5 के कई वुद्धिजीवियों से चर्चा की। हमने इस दौरान यह टटोलने की कोशिश कि अब कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल को चुनौती देने की दावेदारी कर रहे प्रत्याशियों में से कौन चुनौती देने में सक्षम है? ज़्यादातर ने माना कि सत्ता विरोधी लहर होने के बावजूद यहाँ भाजपा के लिए महेंद्र हार्डिया ही संकटमोचक सिद्ध हो सकते हैं!

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।