कांग्रेस ने 88 प्रत्याशियों की दूसरी सूची की जारी

इंदौर विधान सभा 3, 5, और महू से कांग्रेस ने घोषित किए प्रत्याशी

इंदौर

newso2.com@gmail.com 

मध्य प्रदेश की 230 विधान सभा सीटों पर आगामी 17 नवंबर को होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने आज गुरुवार को दूसरी सूची जारी कर दी है। बहुप्रतीक्षित कांग्रेस की इस दूसरी सूची में 88 अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। आपको बता दें कि इस दूसरी सूची के माध्यम से कांग्रेस ने 3 सीटों पर अपने पूर्व घोषित प्रत्याशियों को भी बदल दिया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक्स (ट्विटर) पर 88 प्रत्याशियों की सूची साझा की है। सूची में कांग्रेस के लिए सर्वाधिक माथा पच्ची वाली मानी जा रही इंदौर-3 और इंदौर-5 पर प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। इंदौर -3 पर कांग्रेस के युवा चेहरे दीपक (पिंटू) पिता महेंद्र जोशी की उम्मीदवारी पर मोहर लगा दी गई है। इसी क्रम में इंदौर-5 से दावेदारी कर रहे स्वप्निल कोठारी को दरकिनार कर यहाँ से कांग्रेस ने अपने अनुभवी और पिछली बार पराजित सत्यनारायण पटेल को मैदान में उतार दिया है।

महू में कांग्रेस ने चौंकाया

चुनावी प्रत्याशियों की घोषणा के लिहाज से विस 3- और 5 के साथ साथ इंदौर जिले के महू में भी भाजपा अब तक अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है। कांग्रेस की इसी सूची में चौंकाने वाला नाम रामकिशोर शुक्ला का सामने आया है। शुक्ला को कांग्रेस ने महू से अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।

इंदौर जिले की 9 में से 6 सीटों पर भिड़ेंगे यह प्रत्याशी

कुल मिलाकर मौजूदा परिदृश्य में इंदौर जिले की विधान सभा-1 पर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला का भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय से सीधा मुक़ाबला साफ हो गया है।

इंदौर -2 से भाजपा के सिटिंग एमएलए रमेश मेंदोला को कांग्रेस के चिंटू चौकसे चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

इंदौर-4 से भाजपा की सिटिंग एमएलए श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ की टक्कर में कांग्रेस ने राजा मंधवानी को लड़ा दिया है।

उधर इंदौर ग्रामीण की बात करें तो भाजपा के लिए  नाक का सवाल बनी राऊ विधान सभा सीट पर कांग्रेस के भावी शीर्ष नेता जीतू पटवारी को भाजपा के कुशल संगठक मधु वर्मा टक्कर दे रहे हैं।

वहीं कांग्रेस के कब्जे वाली देपालपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी मनोज पटेल , कांग्रेस के विशाल पटेल को टक्कर देने की तैयारी कर रहे हैं।

कांग्रेस के नजरिए से अहम मानी जा रही सांवेर विधान सभा सीट पर वर्तमान मंत्री और भाजपा प्रत्याशी तुलसी राम सिलावट से कांग्रेस की रीना बोरासी किला लड़ा रही है।  

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।