मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव 2023

चुनाव प्रचार का अंतिम चरण जारी, दोनों राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत

इंदौर

[email protected]

मध्य प्रदेश विधान सभा निर्वाचन के लिये चुनाव प्रचार कल  यानि 15 नवंबर को शाम 5 बजे  थम जाएगा। यही वजह है कि प्रमुख प्रतिद्वंदी दल भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और  कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने मप्र में आम सभाएं की हैं। आज प्रधानमंत्री ने तीन जनसभा और इंदौर में एक रोड शो किया है। इसी तरह केन्द्रीय गृह मंत्री और भाजपा के चुनावी रणनीतिकार अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड़ड़ा ने भी सभाएं की हैं। आत्म विश्वास से लबरेज राहुल गांधी ने मंगलवार दोपहर विदिशा में कांग्रेस प्रत्याशी शशांक भार्गव के समर्थन में आम सभा की है। इसी तरह राहुल ने टीकमगढ़ की खरगापुर विधान सभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंदारानी गौर  के पक्ष में चुनावी सभा की है। उधर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने सेवड़ा विधान सभा और श्योपुर में प्रचार किया। तो कांग्रेस के सीएम फेस कमलनाथ भी खासे सक्रिय रहे। वे कल मुरैना में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा की केंद्र सरकार उतारी मैदान में

दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा की केंद्र सरकार यूं तो समूचे पाँच वर्ष चुनाव प्रचार में डटी रहती है। जिसकी वज़ह से कई बार केंद्र सरकार के प्रभावित कामकाज को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं। इधर इस विधान सभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारकों की बात करें तो केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमन, अमित शाह, पीयूष गोयल, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड़ड़ा तो यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम कैशव प्रसाद मौर्य, सांसद मनोज तिवारी, और अन्य चुनाव प्रचार-प्रसार में डटे हुए हैं। इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित दो केंद्रीय मंत्री चुनाव मैदान में बतौर प्रत्याशी किला लड़ा रहे हैं।

सपा, बसपा और आप भी उम्मीद से

भाजपा और कांग्रेस के अलावा बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा), आम आदमी पार्टी (आप) के साथ साथ कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मैदान में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रखी है। आम आदमी पार्टी के लिये जहां दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल , पंजाब के सीएम भगवत मान धुआधार प्रचार कर रहे हैं तो वहीं सपा के लिये अखिलेश यादव भी मैदान में नजर आए हैं।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।