इंदौर, 06 अक्टूबर 2025: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया में कफ सिरप के सेवन से बच्चों की असामयिक मृत्यु की घटना के बाद सभी कार्यक्रम निरस्त कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने खान, डेहरिया, यदुवंशी, सोनी, ठाकरे, पिपरे और उईके परिवारों से घर-घर जाकर संवेदनाएं व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सिर्फ आपकी नहीं, हम सबकी पीड़ा है। आपके बच्चों का दुख हमारा भी है।” उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का भरोसा दिया। घटना की उच्च स्तरीय जांच जारी है।

सख्त कार्रवाई के तहत तीन अधिकारियों—उप औषधि नियंत्रक और दो औषधि निरीक्षक—को निलंबित किया गया, जबकि फूड एंड ड्रग कंट्रोलर को स्थानांतरित किया गया। संबंधित डॉक्टर, मेडिकल स्टोर और दवा स्टॉकिस्ट पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हों। इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।