मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘ग्रोथ टेक 2025’ समापन पर प्रेस वार्ता की, प्रदेश में निवेश आने का दावा

इंदौर, 27 अप्रैल 2025।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहर में आयोजित ‘ग्रोथ टेक 2025’ कार्यक्रम के समापन पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। सीएम यादव की प्रेस वार्ता पूर्व निर्धारित समय के अनुसार शाम 7 बजे होनी थी लेकिन ट्यूलिप हॉल में सीएम लगभग पौने 9 बजे पहुंचे। और 10 मिनट सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और महज 5 मिनटों चुनिंदा 5 सवाल लेकर प्रेस वार्ता समाप्त कर दी।

मुख्यमंत्री से पूछे गए प्रमुख सवाल और प्रतिक्रियाएं:

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री से राज्य में टेक्नोलॉजी क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम सवाल पूछे गए। विशेषकर स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सरकारी कार्यशैली में उपयोग और राज्य में टैलेंट पूल की स्थिति को लेकर सवाल किए गए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “अरे भैया, काम-धंधा कर लेने दो।”

आईटी सेक्टर का सीमित विकास: राज्य में आईटी सेक्टर मुख्यतः इंदौर और भोपाल तक सीमित रहने और सरकारी स्कूलों तक टेक्नोलॉजी शिक्षा नहीं पहुंचने पर भी मुख्यमंत्री ने कोई विशेष टिप्पणी नहीं की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने को तैयार है। साथ ही, उन्होंने युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की प्रतिबद्धता भी जताई।


By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *