वर्ल्ड लार्जेस्ट सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप के जरिए इंदौर ने बनाया नया रिकॉर्ड

संस्था ज्वाला और नगर निगम इंदौर के सहयोग से निर्भया दिवस के अवसर पर नेहरू स्टेडियम में कराई गई सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप में शामिल हुए 17853 लोग

इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर के साथ ही अब सबसे सुरक्षित शहर बनाने की पहल

जीरो वेस्ट इवेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण संदेश भी

डॉ दिव्या गुप्ता ने दिलाई विकसित भारत की शपथ

इंदौर।

[email protected]

शनिवार की सुबह नेहरु स्टेडियम का माहौल देखते ही बनता था। हजारों की संख्या में लोग तेजी से कदम बढ़ाते बढ़ते हुए पिंक बैलून से सजाएं गेट के अंदर जाकर सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप का हिस्सा बनना चाहते थे। मौका था संस्था ज्वाला और जिला प्रशासन इंदौर के सहयोग से निर्भया दिवस के अवसर पर वर्ल्ड लार्जेंस्ट सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप के जरिए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास का, इस वर्कशॉप में 17853 स्टूडेंट्स और युवाओं ने हिस्सा लेकर इस प्रयास को सफल करने में मदद की। कार्यक्रम में संस्था ज्वाला की अध्यक्ष डॉ. दिव्या गुप्ता, सांसद शंकर लालवानी, विधायक कैलाश विजयवर्गीय, विधायक महेन्द्र हार्डिया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, डॉ.निशांत खरे और कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी उपस्थित थे।

सुबह 9.30 बजे से नेहरू स्टेडियम में 100 से अधिक स्कूलों के स्टूडेंट्स के साथ-साथ महिलाओं में भी जोश देखने को मिला। एक तरफ जहां रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं के प्रति सुरक्षा के संदेश नजर आए, वहीं हजारों की संख्या में बच्चों ने सुबह से ही वंदे मातरम और भारत माता के जयघोष से नेहरू स्टेडियम गुंजायमान कर दिया था। कार्यक्रम की शुरुआत ज्वाला गीत के साथ हुई। इसके बात 17000 से अधिक बच्चों का जुम्बा के साथ वार्मअप सेशन शुरू हुआ। इस वार्मअप सेशन के बाद उन्हें सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई। इसमें उन्हें सिखाया गया कि अगर वे किसी मुसीबत में फंस जाते हैं तो उन्हें वहां कैसे अपना बचाव करना है। इसमें उन्हें विभिन्न परिस्थितियों के अनुसार शरीर के अलग-अलग अंगों पर वार करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही हुए उन्हें कराटे के भी कुछ महत्वपूर्ण स्टेप सिखाए गए। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाईकर्मी महिलाओं, लाड़ली बहना सेना की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

बच्चों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
संस्था ज्वाला की अध्यक्ष डॉ. दिव्या गुप्ता ने कहा कि हम देश और दुनिया को बताना चाहते हैं कि सफाई का सिरमौर होने के साथ साथ अब हम सबने इंदौर को देश में महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर बनाने की ठान ली है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। इस वर्कशॉप में एक साथ 17853 स्टूडेंट ने हिस्सा लेकर इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का दर्जा दिलाने मे कामयाबी हासिल की। इस मौके पर हमने सभी को ‘विकसित भारत’ और ‘मैं रक्षक’ की शपथ भी दिलाई। डॉ इलैया राजा टी ने कहा कि इस पूरे कार्यक्रम को जीरो वेस्ट के साथ आयोजित किया गया था। हम शहर को स्वच्छता के बाद अब सुरक्षित बनाने की ओर अग्रसर है।

बच्चों से बनाई तिरंगे की आकृति


इस आयोजन संस्था द्वारा नेहरू स्टेडियम में आठ ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें एक-एक हजार बच्चों को खड़ा कर तिरंगे की आकृति बनाई गई है। तीन रंगों की कैप के माध्यम से तिरंगा लहराता नजर आया। इसके साथ ही इस अवसर पर जहां महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच का भी आयोजन किया गया। वहीं सेल्फी पॉइंट में निर्भया दिवस मनाते हुए छात्राएं सेल्फी लेती हुई भी नजर आई।

देश के लिए कायम करेंगे मिसाल


सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर के लोग अपने कर्तव्यों को लेकर बेहद जागरुक माने जाते हैं और यहां मौजूद 17 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स इस बात के परिचायक है कि अब इंदौर सुरक्षा के मामले में भी नंबर वन बनने जा रहा है। विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर हर चीज में अग्रणी रहा है और अब महिला सुरक्षा के मामले में भी नंबर वन बनकर पूरे देश के सामने एक नई मिसाल कायम करेंगे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि संस्था ज्वाला की यह पहल बेहद सराहनीय है। हमें पूरा विश्वास है कि इंदौर के लोगों के साथ मिलकर अपने शहर को सबसे सुरक्षित शहर बनाने का प्रयास करेंगे। डॉ.निशांत खरे ने कहा देश में आज भी जब लड़की रात को कहीं जाती है तो उससे पूछा जाता है कि कहां जा रही हो जबकि लड़कों से नहीं अब जरूरी है की रात को कम पर जाने वाली बच्ची भी स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए सक्षम बने।