सीहोर, 10 मई 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के भेरूंदा ग्राम पिपलानी में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कहा कि मध्यप्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इस अवसर पर बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 170.42 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और कन्यादान जैसी योजनाओं से समाज को आर्थिक संबल मिल रहा है।

सम्मेलन में गोंड जनजाति के 572 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। डॉ. यादव ने कहा कि पहले गरीब किसान बेटी की शादी के लिए जमीन तक बेच देते थे, पर अब योजनाओं से उन्हें राहत मिली है। सामूहिक विवाह सम्मेलन से फिजूलखर्ची पर भी रोक लगी है और वित्तीय मितव्ययता को बढ़ावा मिल रहा है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत अद्भुत देश है, जहां शहनाई के साथ सीमा पर नगाड़े भी बजते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सभी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक कर अपनी सैन्य शक्ति का परिचय दिया है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से आतंकियों का सफाया किया जा रहा है। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक रमाकांत भार्गव, आशीष शर्मा, सुदेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नवविवाहित जोड़े और उनके परिजन उपस्थित थे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।