2023 चुनावी युद्ध शुरू : कांग्रेस ने आरोपों के मैदान में शुरू की तलवारबाजी2023 चुनावी युद्ध शुरू : कांग्रेस ने आरोपों के मैदान में शुरू की तलवारबाजी

2023 चुनावी युद्ध शुरू : कांग्रेस ने आरोपों के मैदान में शुरू की तलवारबाजी

इंदौर,19 अक्टूबर 2023  

newso2.com@gmail.com 

विधान सभा चुनाव 2023 को लेकर राजनीतिक पार्टियों का आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने एक प्रेस वार्ता लेकर इंदौर नगर निगम को घेरा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने इंदौर निगम को कमीशनखोरी सरकार बताया। सपरा ने कहा यहाँ तीन इंजन वाली सरकार है, इसके बाद भी जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। यहाँ पीने के पानी की समस्या, नर्मदा लाइन का अभाव, सीवरेज, अस्त व्यस्त ट्रैफिक और नाला टेपिंग के चलते जरा सी बारिश में शहर का पानी-पानी हो जाना बड़ी समस्या बना हुआ है।

सपरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर कमीशनखोरों की जांच होगी। उन्होने कहा संविदा कर्मियों का नियमितीकरण रुका हुआ है। बीती रामनवमी पर पटेल नगर में बेलेश्वर मंदिर में  बावड़ी के ढह जाने से 36 लोगों की मौत को भी कांग्रेस ने मुद्दा बनाया। इंदौर प्रभारी महेश जोशी ने इन मौतों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। एक प्रश्न के जवाब में जोशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इन 36 परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।  

कांग्रेस के पास है इंदौर की तरक्की का प्लान

इंदौर में अस्त-व्यस्त विकास को लेकर भी जोशी ने तंज़ कसा और कहा कि कांग्रेस के पास इंदौर के विकास/ तरक्की का प्लान है। इंदौर के विकास के लिए बजट बढ़ाना पड़ा ,तो बजट भी बढ़ाएँगे। उन्होने हम इंदौर के नाम को देश के साथ विदेशी पटल पर भी चमकाना चाहते हैं। जोशी ने आगे कहा कि दोनों राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है इंदौर का विकास केंद्र में हो। जोशी ने इनवेस्टर समिट को भी घेरते हुए कहा कि इंदौर में सबसे ज्यादा समिट हुए लेकिन निवेश नहीं आया।

ये रहे मंचासीन

इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, गोली अग्निहोत्री, इंदौर विधानसभा चुनाव प्रबंधन व्यवस्थाओं एवं समन्वय समिति के सदस्य प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अमन बजाज, कौमी एकता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सच सलूजा, प्रदेश प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला,प्रदेश प्रवक्ता अमीनुल खान सूरी, आनंद जैन कासलीवाल, संभागीय प्रवक्ता अमित चौरसिया, सन्नी राजपाल, दिलीप कौशल, रवि गुरनानी, देवेंद्र सिंह यादव,अनूप शुक्ला,विवेक खंडेलवाल,अनमोल ढोली,इरफान खान, सुबुर अहमद और अन्य उपस्थित थे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।