इंदौर, 17 अप्रैल 2025: देश के झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश राज्यों में एक के बाद एक जैन समाज के खिलाफ घटनाएँ सामने आ रही हैं जिससे जैन समाज में रोष व्याप्त है। हाल ही में महाराष्ट्र के मुंबई स्थित 30 साल पुराने पार्श्वनाथ जैन मंदिर को तोड़े जाने के बाद समाज में आक्रोश है। जैन संगठन इसे आस्था पर हमला मान रहे हैं। अहिंसा को मानने वाले शान्तिप्रिय जैन समाज की लगातार सहनशीलता की परीक्षा हो रही है।

16 अप्रैल 2025: विरले पार्ले में मंदिर तोड़ा, जबलपुर में अपमानजनक ऑडियो वायरल
मुंबई के विरले पार्ले क्षेत्र में प्रशासन ने 30 वर्ष पुराने मंदिर को ध्वस्त कर दिया। विश्व जैन संगठन और जिन शासन एकता संघ ने इसे जैन आस्था पर कुठाराघात बताया है।

15 अप्रैल 2025: जबलपुर में जैन समाज के खिलाफ भाजपा नेताओं की कथित टिप्पणी

वहीं, मध्यप्रदेश के जबलपुर में वायरल एक कथित ऑडियो में बताए जा रहे भाजपा से संबन्धित लोगों द्वारा जैन समाज को लेकर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से मामला और गरमा गया है। समाजजनों ने थाने का घेराव कर कार्यवाही की मांग की है।

13 अप्रैल 2025: नीमच में जैन मुनियों पर हमला
सिंगोली (नीमच) के पास कछाला गांव में विहार कर रहे तीन जैन मुनियों पर हमला किया गया। समाज ने इसे सुनियोजित हिंसा बताया और चेताया कि अब चुप नहीं बैठेंगे।

2 अप्रैल 2025: खंडवा में जैन साधु को आयशर ने कुचला- विहार में सुरक्षा पर सवाल

मप्र के खंडवा में इंदौर-ऐदलाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में जैन मुनि गजेंद्र मुनि महाराज की मौत हो गई। वे नागपुर से पैदल विहार करते हुए इंदौर जा रहे थे, उनके साथ दो अन्य जैन मुनि भी थे। रास्ते में ग्राम मोकलगांव टोल टैक्स के पास एक तेज रफ्तार आयशर वाहन ने उन्हें रौंद दिया।

5 अक्टूबर 2024: मप्र में जैन बोर्ड के गठन को मिली मंजूरी

आपको बता दें जैन समाज जैन साधुओं के पैदल विहार में सुरक्षा को लेकर लगातार शासन से मांग कर रहा है। मप्र सरकार ने मप्र में जैन बोर्ड के गठन की कैबिनेट ने मजूरी भी दे दी है, बावजूद जैन संतों का विहार सुरक्षित नहीं है। उन्हें प्रशासन की तरफ से कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जा रही है। जैन संत कभी सड़क हादसे का शिकार हो जाते हैं तो कभी दिगंबरधारी संतों पर लूटपाट के उद्देश्य से बदमाश हमला कर देते हैं।

12 मार्च 2025 : शिखरजी पर कृष्णा हांसदा की भड़काऊ रैली, कार्रवाई नहीं
झारखंड में शिखरजी तीर्थ पर आदिवासी नेता कृष्णा हांसदा ने भड़काऊ भाषण दिया। मुनियों को “भीख मांगने वाला” कहकर तीर्थ से खदेड़ने की धमकी दी। एक माह से अधिक बीत जाने के बाद भी एफआईआर नहीं दर्ज हुई। समाज ने राज्य सरकार को चेताया—यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

4 जनवरी 2025: सागर में भी हो चुकी है घटना

जनवरी के शुरुआती दिनों में मप्र के सागर के बड़ा बाजार स्थित जैन मंदिर के जीर्णोंद्धार के समय जैन समाज और सोनी-जड़िया समाज आमने सामने हो गए थे। मंदिर के एक चिन्हित स्थल पर दोनों ही पक्ष अपना अपना दावा ठोक रहे थे। जिससे तनावपूर्ण स्थिति हो गई थी।

जैन समाज की चेतावनी-अब नहीं सहेंगे अपमान
जैन समाज के राजेश जैन ‘दददु’, मयंक जैन, सलेक चंद जैन और वरिष्ठजनों ने स्पष्ट कहा—“अब हमारी चुप्पी को कमजोरी मत समझिए। हमारी आस्था से खिलवाड़ नहीं सहेगा समाज।”

सरकारों की चुप्पी पर सवाल
जगह-जगह से सामने आ रही इन घटनाओं ने जैन समाज को आंदोलित कर दिया है। समाज मांग कर रहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और अल्पसंख्यकों की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *