इंदौर, 4 अगस्त। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित मल्हार राव यशवंत स्कूल में सोमवार सुबह तिलक व रक्षा सूत्र बांधकर पहुंचे छात्रों को कथित रूप से दंड दिए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। मामला बजरंग दल के विद्यार्थी विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता स्कूल परिसर में एकत्रित हो गए।
बजरंग दल, रामेश्वरम जिला के विद्यार्थी विभाग पदाधिकारियों के अनुसार, छात्रों ने शिकायत की कि विद्यालय प्रशासन ने तिलक मिटाने का निर्देश दिया और विरोध करने पर उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
विश्व हिन्दू परिषद प्रचार प्रमुख देवा शर्मा ने बताया कि बजरंग दल पदाधिकारियों ने प्रिंसिपल से चर्चा की, प्रारंभ में प्रिंसिपल ने आरोपों से इनकार किया, किंतु अन्य छात्रों के सामने आने पर स्थिति स्पष्ट हुई।
घटना की जानकारी मिलने पर अन्नपूर्णा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में स्कूल डायरेक्टर अशोक भार्गव व प्रिंसिपल मोनिका ने संगठन पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में तिलक अथवा रक्षा सूत्र को लेकर किसी छात्र पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
इस दौरान बजरंग दल के रामेश्वरम जिला के अनेक कार्यकर्ता मौके पर उपस्थित रहे।
