26 साल बाद इंदौर की जागी उम्मीद
जीतू पटवारी बनाम सज्जन सिंह वर्मा की चर्चा तेज
इंदौर। मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा शहर, प्रदेश की औद्योगिक राजधानी और देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर राजनीति का भी एक बड़ा केंद्र माना जाता है। इसके बावजूद बीते 26 वर्षों से इंदौर को कांग्रेस की ओर से राज्यसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। अब एक बार फिर इंदौर के लिए उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है।
दिग्विजय सिंह के इनकार से खुला रास्ता : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने तीसरी बार राज्यसभा जाने से इनकार कर दिया है। उनकी राज्यसभा सीट 9 अप्रैल को रिक्त हो रही है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश से कांग्रेस के अगले राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को लेना है, लेकिन पार्टी के भीतर दावेदारों की सूची लगातार लंबी होती जा रही है।
इंदौर से दो नाम सबसे आगे
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार इंदौर को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलने की प्रबल संभावना है। इंदौर से दो नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों ही नेता संगठन और नेतृत्व के स्तर पर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
अन्य बड़े दावेदार भी दौड़ में
दिग्विजय सिंह की सीट खाली होते ही कांग्रेस में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आए हैं—
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ या नकुलनाथ
पूर्व मंत्री अरुण यादव
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा
पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल
1982 में आखिरी बार इंदौर से पहुंचा था राज्यसभा सांसद
कांग्रेस ने इंदौर से आखिरी बार वर्ष 1982 में राधाकिशन मालवीय को राज्यसभा भेजा था।
वे 1982 से 2000 तक राज्यसभा सांसद रहे। इसके बाद बीते 26 वर्षों में इंदौर के किसी भी कांग्रेस नेता को यह अवसर नहीं मिला।
जीतू पटवारी का राजनीतिक प्रोफाइल
राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं
2013 में राऊ विधानसभा से विधायक बने
2018 में पुनः जीत हासिल की
कमलनाथ सरकार में
उच्च शिक्षा मंत्री
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रहे
वर्तमान में मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष
मुखर और जुझारू नेता की छवि
सज्जन सिंह वर्मा का राजनीतिक सफर
1983 में नगर निगम पार्षद के रूप में राजनीति की शुरुआत
अब तक
लोक निर्माण मंत्री
नगरीय प्रशासन मंत्री
5 बार विधायक
1 बार सांसद
संगठन और सरकार दोनों में मजबूत पकड़
धारदार भाषण और आक्रामक राजनीति के लिए जाने जाते हैं
राधाकिशन मालवीय: इंदौर का ऐतिहासिक दलित चेहरा
राजीव गांधी सरकार में श्रम मंत्री
18 वर्षों तक सांसद
दो बार मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष
1982 से 2000 तक राज्यसभा में इंदौर का प्रतिनिधित्व
भाजपा की ओर से कविता पाटीदार राज्यसभा सांसद
वर्तमान में इंदौर से भाजपा की ओर से कविता पाटीदार राज्यसभा सांसद हैं।
अब सबकी निगाहें हाईकमान के फैसले पर
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दिग्विजय सिंह के बाद कांग्रेस किसे राज्यसभा भेजेगी?
क्या इंदौर को 26 साल बाद राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलेगा, या फिर कांग्रेस हाईकमान किसी अन्य बड़े चेहरे पर दांव लगाएगा? राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है और फैसला जल्द सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
