पूर्व भाजपा विधायक ने जताई नाराज़गी
इंदौर, 8 मार्च 2026।
इंदौर में रंग पंचमी के अवसर पर पश्चिम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रखने के निर्णय को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा ने विद्युत विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की नासमझी और अविवेकपूर्ण निर्णय के कारण त्यौहार के दिन नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नेमा ने कहा कि रंग पंचमी जैसे उत्साह और मस्ती के त्योहार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक पश्चिम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय पहली बार लिया गया है, जो समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से क्षेत्र के नागरिकों, घरों में रह रहे बुजुर्गों, बीमारों और परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि रविवार और त्यौहार की छुट्टी का आनंद समाप्त कर इस निर्णय ने “रंग में भंग” डालने का काम किया है। उनके अनुसार शहर में अब तक ऐसा निर्णय नहीं हुआ था, लेकिन मौजूदा अधिकारियों के कार्यकाल में नागरिकों को इस स्थिति का सामना करना पड़ा।
नेमा ने कहा कि यदि गैर मार्ग (रूट) पर सुरक्षा व्यवस्था करनी थी तो केवल उसी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रोकी जानी चाहिए थी। पूरे क्षेत्र की बिजली बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग अक्सर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद करता है, लेकिन गैर मार्ग पर बिजली आपूर्ति बाधित कर बाद में पुनः चालू करना ज्यादा व्यावहारिक कदम होता।
उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर लिया गया यह निर्णय निंदनीय है और इससे जनता को अनावश्यक कष्ट हुआ है।
नेमा ने कहा कि इस संबंध में वह मुख्यमंत्री से चर्चा कर अधिकारियों की गलती और जनता को हुई परेशानी से अवगत कराएंगे, ताकि भविष्य में ऐसे निर्णय न लिए जाएं जो आम नागरिकों को कष्ट पहुंचाएं।
