इंदौर, 22 मार्च (न्यूजओ2) तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप की महिला कर्मचारी द्वारा लाखों रुपये की ज्वेलरी की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब 100 ग्राम सोना भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार रजत ज्वेलर्स में काम करने वाली महिला कर्मचारी घर-घर जाकर ज्वेलरी बिक्री का कार्य करती थी। इस दौरान वह ग्राहकों से लिए गए पैसे लंबे समय तक जमा नहीं कर रही थी और लगातार टालमटोल कर रही थी। मामले की जांच करने पर करीब 60 लाख रुपये की ज्वेलरी की हेराफेरी सामने आई।

दुकान संचालक की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से 100 ग्राम सोना भी जब्त किया है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है और मामले में अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है।