क्लीन इंदौर -ग्रीन इंदौर

इंदौर में 14 जुलाई को 11 लाख पेड़ लगाकर वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री रविवार को सीएम करेंगे ग्रीन इंदौर अभियान का उदघाटन

इंदौर, 15 जून 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून को पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का आव्हान किया है। देश का हर एक व्यक्ति अपनी माँ के नाम से पेड़ लगाए तो देश में 140 करोड़ पेड़ लग सकते हैं। इसी कड़ी में देश की क्लीनेस्ट सिटी इंदौर में 51 लाख पेड़ लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर ग्रीन सिटी में भी नंबर वन इंदौर को बनाएँगे। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। इस अभियान का उदघाटन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 16 जून को इंदौर में करेंगे। ये जानकारी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी है।

विजयवर्गीय ने बताया कि 7 से 14 जुलाई तक 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 14 जुलाई को रेवती रेंज पर एक साथ 11 लाख पौधे लगाकर गिनीज़ वर्ल्ड बुक में इंदौर का नाम दर्ज कराने का प्रयास है। तैयारियों के निरीक्षण के लिए गिनीज़ टीम जल्द ही शहर में आने वाली है। क्षेत्र नंबर 1 से विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि यह मुहिम जिला प्रशासन, नगर निगम और जनभागीदारी के सहयोग से हो रही है। इसके लिए शहर में कई आयोजन किए जा रहे हैं।

शहर के लंग्स बनाने urban forestry का करेंगे विकास

कबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि बजट में urban forestry की एक कंडिका रख रहा हूँ। शहर में छोटे छोटे जंगल बनाएँगे जो शहर के लंग्स होंगे। अगले बजट में इसका प्रावधान करेंगे। बच्चों में भी पेड़ लगाने के संस्कार डालेंगे, जिस तरह स्वच्छता का संस्कार डाला है। इसकी शुरुआत स्कूल से होगी। 40 लाख पेड़ वन विभाग से ले रहे हैं। 10 लाख जनभागीदारी से ले रहे हैं। 5 फिट के पेड़ मंगाए हैं। साउथ से पेड़ ट्रांसपोर्ट में खर्चा बहुत है। लेकिन आने वाले समय में हम यहाँ भी आत्मनिर्भर होंगे। किसानों को हम फलदार वृक्ष फ्री में देंगे। यदि वे बांस का पेड़ लगाएँ , बांस जल्दी बढ़ता है, 5-6 साल बाद उसकी कीमत लाखों में हो जाती है। न्यूनतम शुल्क पर बांस के पौधे हम देंगे। नगर निगम नोडल एजेंसी है।

विजयवर्गीय ने आगे बताया कि रामायण के पात्रों के नाम पर छोटे छोटे वन बनाए जाएँगे। जो सामाजिक संगठन वन लगाएगा, वह भी अपना नाम दे सकता है। विधायक रमेश मेन्दोला अनौखी पहल करते हुए नन्दा नगर में आम गली, नीम गली जैसे नाम अपने क्षेत्र में रख रहे हैं। https://www.facebook.com/100063804135297/videos/1357766014899448

पौधारोपण के लिए 20 पोकलेन, 25 जेसीबी, 250 मजदूर काम कर रहे हैं। पहले दिन सात हजार गड्ढे हो रहे थे, आज एक लाख गड्ढे प्रति दिन करने की क्षमता हो गई है।  जल्द ही पेड़ लगाने के लिए 2 लाख गड्ढे की क्षमता बढ़ाएँगे। जहां पानी की दिक्कत है, वहाँ डीप इरिगेशन से सिंचाई होगी।

पौधे लगाने के लिए जियो टैगिंग के माध्यम से 3000 स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं । ये भी तय हो गया है, कौनसा विभाग कितने पौधे लगाएगा।

इंदौर नगर निगम 20 प्लॉट पर 15 लाख पौधे लगाएगा

आईडीए 25 प्लॉट पर 5 लाख पौधे लगाएगा

वन विभाग 24 प्लॉट पर 11 लाख पौधे लगाएगा

जिला पंचायत 500 प्लॉट पर 3 लाख पौधे लगाएगा

परिषदें 100 प्लॉट पर एक लाख पौधे लगाएँगी

कॉलोनी सेल/एमपीआईडीसी/एजुकेशन/ प्रदूषण बोर्ड 1000 से अधिक स्थानों पर 10 लाख से अधिक पौधे लगाएगा

जनसहयोग से 10 लाख पौधे लगेंगे ।

अभियान की ये रहेगी रूप रेखा

16 जून- सीएम करेंगे केंपेन लांच

21 जून- योगा डे इंटिगेशन

26 जून- महिला सम्मेलन

25 जून से 30 जून- ग्रीन कवर के लिए राष्ट्रीय सेमिनार

30 जून- ग्रीन मार्च

6 जुलाई- साइक्लोथोन

वीडियो देखें :-https://www.facebook.com/100063804135297/videos/974669110792229

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।