उपनयन संस्कार से जीवन को दिशा मिलती है: मुनि विनम्र सागर जी महाराज

सतीश जैन,इंदौर, 6 अक्टूबर 2024 (न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126। उदय नगर जिनालय के प्रांगण में मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज के सानिध्य में आज देश भर से आए 301 बच्चों का उपनयन संस्कार सम्पन्न कराया गया है।

मुनि विनम्र सागर ने यहाँ एक धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कारों का बीजारोपण किसी स्कूल या महाविद्यालय में नहीं होता, यह परिवार से ही होता है। यदि आप चाहते हैं कि आपके बच्चों को सत्ता, संपत्ति, सिद्धि और प्रसिद्धि मिले, और साथ ही उनका जीवन भी सुरक्षित रहे, तो उपनयन संस्कार अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि उपनयन संस्कार मोक्ष की ओर अग्रसर होने में सहायक बनता है और यह संस्कार छोटी उम्र में किया जाना चाहिए। यह प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन के मार्गदर्शन का कार्य करता है और सरस्वती की कृपा बनाए रखता है। मुनि श्री ने कहा कि व्यसन मुक्त समाज का निर्माण हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में बच्चों का संस्कारित होना आवश्यक है।

16 मंत्रों के साथ उपनयन संस्कार संपन्न


दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि देश भर से आए 301 बच्चों का उपनयन संस्कार ब्रह्मचारी अविनाश भैया जी द्वारा बोले गए 16 मंत्रों के साथ मुनि श्री विनम्र सागर जी, मुनि श्री निस्वार्थ सागर जी महाराज, मुनि श्री निसर्ग सागर जी महाराज और क्षुल्लक श्री हीरक सागर जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

रात्रि भोजन, मोबाइल गेम्स का कराया त्याग

इस अवसर पर सभी बच्चों ने मुंडन करवाया, जिन प्रभु का प्रथम बार अभिषेक और शांति धारा की, तथा मुनियों को आहार दान भी दिया। उन्हें सभी प्रकार के व्यसनों से मुक्त होने का संकल्प दिलाया गया, जिसमें मोबाइल के गेम्स का त्याग भी शामिल था। बच्चों को जनेऊ धारण कराया गया और हाथ में कलावा पहनाया गया। साथ ही, उन्हें प्रतिदिन मंदिर के दर्शन करने और रात्रि भोजन का त्याग करने का नियम भी दिलवाया गया। भोजन से पहले नौ बार णमोकार मंत्र का जाप करने का निर्देश भी दिया गया।

बड़ा आदमी नहीं अच्छा इंसान बनाने पर हो फोकस


मुनि श्री ने आगे कहा कि बच्चों को सिर्फ बड़े आदमी नहीं, बल्कि अच्छा इंसान बनाना चाहिए। बच्चों का लालन-पालन माता-पिता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गुरु के संकल्पों को पूरा करना ही गुरु की सच्ची पूजा है और आगम पढ़कर भगवान बनने का प्रयास करना चाहिए।

इस उपनयन संस्कार के आयोजन में विशाल जैन और राजेश जैन लारेल परिवार द्वारा सभी खर्चों को वहन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज बाकलीवाल, मनीष नायक, सतीश डबडेरा, आनंद जैन, भरत जैन, पी.सी. जैन, संतोष जैन सर, रितेश जैन और अन्य समाजजन उपस्थित थे। मुनि संघ के प्रवचन प्रतिदिन सुबह 9 बजे उदय नगर जिनालय के प्रांगण में आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें समाजजन बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *