बुंदेलखंड में जैन साधु-संतों पर हमले की दो घटनाएं:

इंदौर/सागर:12 अक्टूबर 2024 (न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में जैन साधु-संतों पर दो दिन में दो हमले की घटनाएं सामने आई हैं। शनिवार को छतरपुर के घुवारा नगर में चातुर्मास कर रहे जैन मुनि विश्रांत सागर से अभद्रता और मारपीट की घटना के बाद रविवार को सागर में मुनि सुधासागर महाराज की आहार चर्या के दौरान विवाद की खबर सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुनिश्री की आहार चर्या की व्यवस्था में संलग्न एक सेवादार और कुछ महिलाओं के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि एक ब्रह्मचारिणी दीदी के साथ मारपीट की गई। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना सागर स्थित भाग्योदय तीर्थ की है, जहां रविवार सुबह मुनि सुधासागर महाराज की आहार चर्या चल रही थी। इसी दौरान, जैन ब्रह्मचारिणी आरती दीदी ने सेवादार से अपने परिचित को कमरे में प्रवेश दिलाने के लिए कहा, लेकिन सेवादार ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मुनि श्री के आहार समाप्त होने के बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।

आरती दीदी ने आरोप लगाया कि जब महाराज जी आहार लेकर बाहर गए, तो 7-8 महिलाओं ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। उनका चश्मा तोड़ दिया गया। इस दौरान उनके भतीजे मोहित जैन ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी चोट पहुंचाई गई।

वहीं, सेवादार का कहना है कि भीड़ अधिक होने के कारण सभी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी, इसलिए यह व्यवस्था बनाई गई थी।

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने मीडिया को बताया कि भाग्योदय तीर्थ में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और मामले की जांच जारी है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *