विस. उपचुनाव: कांग्रेस ने जीती 4 सीटें, भाजपा 2 पर सिमटी, ममता के गढ़ में नहीं लग सकी सेंध, पंजाब में आप तो मप्र में भाजपा मजबूत

7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे: 11 सीटों के रिजल्ट घोषित; कांग्रेस 4, टीएमसी 3, भाजपा 2, AAP-निर्दलीय को 1-1 सीट

13 जुलाई 2024

देश में 10 जुलाई को 7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव हुए थे, जिनकी मतगणना आज शुरू हुई। उपचुनाव की 11 सीटों के परिणामों में कांग्रेस 4, टीएमसी 3, भाजपा 2, आप और निर्दलीय को 1-1 सीट मिली है।

7 राज्यों की 11 सीटों में पश्चिम बंगाल की 4 सीटों में 3 पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) जीत दर्ज कर चुकी है। चौथी सीट पर भी टीएमसी बढ़त बनाए हुए हैं। हिमाचल की तीन सीटों में से 2 कांग्रेस के खाते में और 1 भाजपा के खाते में गई है। उत्तराखंड की दोनों सीटें भी कांग्रेस के कब्जे में गई हैं। मध्य प्रदेश की 1 सीट भाजपा ने जीती है। पंजाब की एक सीट आम आदमी पार्टी ने जीती है। बिहार की 1 सीट पर हो रहे उपचुनाव में निर्दलीय ने जीत दर्ज कर जेडीयू और राजद को शिकस्त दी है। वहीं तमिलनाडु की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में डीएमके को बढ़त है।

पश्चिम बंगाल की 4 सीटों में 3 पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) जीती , चौथी सीट पर भी टीएमसी आगे

टीएमसी नेता ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल की 4 विधान सभा सीटों में से 3 टीएमसी जीत गई है। और चौथी सीट पर भी बढ़त बनाए हुए हैं। यहाँ रायगंज सीट पर टीएमसी के कृष्ण कल्याणी ने भाजपा के मानस कुमार घोष को 50 हजार से अधिक मतों से हराया है। कल्याणी को 86479 मत मिले हैं तो वहीं भाजपा प्रत्याशी घोष को महज 36 हजार 402 ही मत मिले हैं। यहाँ राणाघाट दक्षिण में टीएमसी प्रत्याशी मुकुट मणि अधिकारी को 1 लाख 13 हजार 5 सौ 33 मत मिले हैं। उन्होने भाजपा के मनोज कुमार विश्वास को 39 हजार से अधिक मतों से हराया है। बागदा में टीएमसी की मधुपर्णा ठाकुर ने भाजपा के विनय कुमार विश्वास को 33 हजार से अधिक मतों से हराया है। ठाकुर ने 107706 मत पाकर जीत दर्ज की है। मानिकताला में मतगणना जारी है। यहाँ टीएमसी नेता सुपती पांडे 62 हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश की 3 सीटों में 2 कांग्रेस व 1 भाजपा के खाते में

हिमाचल की देहरा सीट पर कांग्रेस की कमलेश ठाकुर ने भाजपा के होशियार सिंह को 9 हजार 399 मतों से हराया । ठाकुर को 32 हजार 737 मत मिले। आशीष शर्मा को 27041 मत मिले हैं। हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने भाजपा के, के एल ठाकुर को 8990 मतों से परास्त किया है। कांग्रेस उम्मीदवार बावा को 34608 मत मिले हैं। हिमाचल के हमीरपुर सीट पर भाजपा के आशीष शर्मा ने कांग्रेस के डॉ पुशपिंदर वर्मा को मात्र 1571 मतों से हराया है।

उत्तराखंड की दोनों सीटें कांग्रेस के कब्जे में

उत्तराखंड की दोनों सीटें बद्रीनाथ और मंगलापुर कांग्रेस ने जीत ली हैं। बद्रीनाथ में कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बूटोला ने भाजपा के राजेन्द्र सिंह भण्डारी को महज 5 हजार 224 वोटों से हराया है। भण्डारी को 22 हजार 937 वोट मिले हैं। मंगलापुर में कांग्रेस के काजी मो. निजामुद्दीन ने भाजपा के करतार सिंह बढ़ाना को बहुत कम अंतर से महज 422 वोटों से हराया है। यहाँ निजामुदीन को 31727 मत मिले हैं और करतार सिंह को 1305 मत मिले हैं।

मप्र की 1 सीट भाजपा जीती

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भाजपा को बढ़त मिली है। यहाँ भाजपा उम्मीदवार कमलेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस के प्रत्याशी धीरन शाह सुखराम दास को 3027 मतों से हराया है। सिंह को 83105 मत मिले हैं।

पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की

पंजाब की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने जालंधर वेस्ट की सीट अपने नाम दर्ज कर ली है। यहाँ आप नेता मोहिंदर भगत ने भाजपा नेता शीतल अंगूरल को 37 हजार से अधिक मतों से शिकस्त दी है। आप के भगत को 55246 मत मिले हैं और भाजपा के शीतल को 17921 मत मिले हैं।

बिहार में निर्दलीय ने जेडीयू और राजद प्रत्याशियों को पछाड़ा

बिहार की एक सीट रुपौली में हो रहे उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह ने जनता दल (यूनाइटेड) के कालाधर प्रसाद मंडल को 8 हजार 246 मतों से पराजित किया है। निर्दलीय शंकर सिंह को 68070 मत मिले हैं और भाजपा प्रत्याशी 59824 मत मिले हैं। तो वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से बीमा भारती तीसरे नंबर पर रहकर चुनाव हार गई हैं। बीमा भारती को 30619 मत मिले हैं।

तमिलनाडु की एक सीट, DMK को बढ़त

तमिलनाडु की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में विक्र्वंडी में DMK प्रत्याशी ANNIYUR SIVA @ SIVASHANMUGAM. A भाजपा की सहयोगी पीएमके ANBUMANI. C से 67 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।