भागीरथपुरा जल कांड: शोक की घड़ी में उत्सव अनुचित

भोपाल/इंदौर (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi को पत्र लिखकर भोपाल में प्रस्तावित होली मिलन समारोह स्थगित कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल आपूर्ति से हुई गंभीर त्रासदी के बीच उत्सव आयोजित करना जनभावनाओं के अनुरूप नहीं है।

राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल आपूर्ति के कारण उत्पन्न स्वास्थ्य संकट ने भयावह मानवीय त्रासदी का रूप ले लिया है। इस घटना में अब तक 35 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग बीमार होकर अस्पतालों में उपचाररत रहे। कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खो दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

उन्होंने कहा कि यह घटना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि नगरीय व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती है। दूषित जल जैसी बुनियादी समस्या के कारण निर्दोष नागरिकों की जान जाना बेहद दुखद और निंदनीय है। इस मामले ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

राकेश सिंह यादव ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में राहुल गांधी का इंदौर पहुंचकर भागीरथपुरा के पीड़ित परिवारों से मिलना और उन्हें सांत्वना देना सराहनीय और मानवीय कदम था। इससे पीड़ित परिवारों को मानसिक संबल मिला और यह संदेश गया कि कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि जब पूरा इंदौर शहर इस दर्दनाक घटना से व्यथित है, तब मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के भोपाल स्थित निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया जाना उचित नहीं लगता। कांग्रेस स्वयं इस घटना को लेकर इंदौर में प्रदर्शन और आंदोलन कर प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ विरोध दर्ज करा चुकी है।

यादव ने कहा कि इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस नेताओं ने भी रंगपंचमी जैसे आयोजनों से दूरी बनाई है और भागीरथपुरा के पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा के महापौर और मंत्रियों ने भी रंगपंचमी सहित अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना स्थगित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मूल विचारधारा पीड़ितों और वंचितों के साथ खड़े रहने की रही है। ऐसे में जब तक भागीरथपुरा के पीड़ित परिवार इस दुख से उबर नहीं जाते, तब तक उत्सव जैसे आयोजनों को स्थगित करना ही मानवीय और नैतिक दृष्टि से उचित होगा।

राकेश सिंह यादव ने राहुल गांधी से अनुरोध किया कि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भोपाल में प्रस्तावित होली मिलन समारोह स्थगित करने की सलाह दें, ताकि पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और संवेदनशीलता का संदेश समाज तक पहुंचे।