इंदौर, 29 अप्रैल। रवींद्र नाट्यगृह में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान” के अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट व अन्य नेताओं ने बाबा साहब के विचारों को साझा किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फिर से वही आरोप दोहराते हुए कहा कि पं. नेहरू ने बाबा साहब के साथ भेदभाव किया और कांग्रेस ने हमेशा उन्हें नजरअंदाज किया। वसुंधरा राजे ने कहा कि बाबा साहब केवल दलितों के नहीं, समस्त समाज के नेता थे। भाजपा ने उन्हें आदर्श माना और सम्मान दिलाया। विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहब को लोकप्रिय नहीं होने दिया, जबकि भाजपा ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।
मंत्री तुलसी सिलावट ने बाबा साहब को विश्वनायक बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और समानता के उनके संकल्प को पूरा कर रही है। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि इंदौर में अनेक कार्यक्रम और स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए हैं।
इस दौरान समाजसेवी नागरिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश वर्मा ने किया।