इंदौर में 9 से 11 जून तक BRICS कृषि कार्य समूह और 12 व 13 जून को होगी कृषि मंत्रियों की बैठक
इंदौर, 3 मई 2026: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बायपास स्थित एक निजी होटल में बैठक कर BRICS कृषि मंत्रियों के इंदौर में 9 जून से 13 जून तक आयोजित होने वाले 5 दिवसीय सम्मेलन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद, उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस आयोजन को प्रदेश और देश के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक आयोजन में कृषि, खाद्य सुरक्षा, जलवायु अनुकूल खेती, डिजिटल एग्रीकल्चर, प्रेसिजन फार्मिंग और नई तकनीकों पर व्यापक विमर्श होगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक में कृषि और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन के दौर में टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर विचार होगा। इसके साथ ही सदस्य देशों के बीच कृषि व्यापार को अधिक सरल और प्रभावी बनाने पर भी संवाद स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों के कल्याण, उनकी आय सुरक्षा और आजीविका को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। आधुनिक कृषि तकनीकों जैसे डिजिटल एग्रीकल्चर, प्रेसिजन फार्मिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स के उपयोग पर मंत्रीगण विस्तार से चर्चा करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समग्र बैठक दिल्ली में होगी, जबकि कृषि क्षेत्र के विमर्श के लिए इंदौर का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि मालवा की परंपरा के अनुरूप सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया जाएगा ताकि वे इंदौर और मध्यप्रदेश की सकारात्मक छवि लेकर लौटें।
शिवराज ने कहा कि ब्रिक्स देशों में दुनिया की लगभग 42 प्रतिशत कृषि भूमि, 68 प्रतिशत किसान और वैश्विक अनाज उत्पादन का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा शामिल है। ऐसे में यह आयोजन वैश्विक कृषि नीति और सहयोग के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने इसे “इंदौर में आधी दुनिया की मौजूदगी” जैसा अवसर बताया।
