सहकारी बैंक जीएम निलंबित

इंदौर, 22 मार्च। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सीधी कलेक्टर और गुना पुलिस अधीक्षक को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक को निलंबित करने के आदेश भी जारी किए गए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सीधी जिले का औचक निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया और प्रशासनिक व्यवस्था व शासकीय योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की समीक्षा की। जनसंवाद के दौरान आमजन और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने तथा जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पी.एस. धनवाल को निलंबित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नगद राशि में कथित हेरफेर के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्हें भी पद से हटाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन राज्य सरकार की प्राथमिकता है और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे फील्ड में रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते, तो उन्हें फील्ड पोस्टिंग में रहने का कोई अधिकार नहीं है।