कांग्रेस ने गौ माता और दुर्घटना बचाओ अभियान के तहत बड़ागांव में आयोजित किया कार्यक्रम

इंदौर/झांसी 27 अगस्त 2024

उत्तर प्रदेश के झांसी में बड़ागाँव में कांग्रेस ने हाई वे पर बैठी गायों के गले में रेडियम के पट्टे पहनाए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गायों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाना है। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के नेतृत्व और जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा के संयोजन में हुआ।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बरसात के समय सड़क पर घूमने वाली गायों और बैल के कारण दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ जाती है। सरकार द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे जानवरों और लोगों की जान को खतरा हो रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने कहा, “कांग्रेस हमेशा से लोगों और जानवरों की सुरक्षा के लिए काम करती रही है। जैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार सिर्फ अमीरों की भलाई में लगी हुई है। सड़क पर हो रही दुर्घटनाओं और गायों की दयनीय स्थिति पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। जैन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गायों का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।”

प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा ने गौशालाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार गौशालाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर धन बर्बाद कर रही है, लेकिन गायों की सुरक्षा और चिकित्सा की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता मानवीय आधार पर अपने निजी संसाधनों से गायों की रक्षा के लिए रेडियम पट्टे पहनाकर दुर्घटनाओं से बचने की कोशिश कर रहे हैं।”

कार्यक्रम के संयोजक और जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा ने कहा, “कांग्रेस जानवरों और लोगों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है। गौ माता और दुर्घटना बचाओ कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा।”

इस अवसर पर बड़ागांव अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रकाश कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मनीष दुबे, और अनिल रिछारिया सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।