इंदौर, 26 अप्रैल 2025: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के हाल ही में दिये गए विवादित बयान के बाद कांग्रेस पार्टी ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया के एक प्रश्न पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लक्ष्मण सिंह को पार्टी ने नोटिस भेजा है और उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई का निर्णय पार्टी का हाईकमान करेगा।
गौरतलब है कि भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने 25 अप्रैल को दो वीडियो जारी कर लक्ष्मण सिंह के बयानों को सार्वजनिक किया था। इन वीडियो में लक्ष्मण सिंह पहलगाम आतंकी हमले के लिए तत्कालीन राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस से समर्थन वापस लेने की बात कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा और राहुल गांधी को लेकर भी अनर्गल टिप्पणियां की थीं। यह वीडियो ब्लॉक कॉंग्रेस के कैन्डल मार्च और श्रद्धांजलि सभा में दिये बयान का बताया जा रहा है।
लक्ष्मण सिंह के इन बयानों को भाजपा ने तुरंत लपक लिया और कांग्रेस पर हमलावर रुख अपना लिया। इससे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई। अब देखना होगा कि कांग्रेस हाईकमान लक्ष्मण सिंह पर क्या कार्रवाई करता है।