14 जुलाई 2024

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की रैली में चली गोलियां,डोनाल्ड ट्रम्प के कान के पास से निकली गोली

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोली चलने की घटना सामने आई है। गोली ट्रंप के कान के पास से निकली है। गोली निकलते ही ट्रंप कान झटकारते हैं और नीचे झुक जाते हैं। साथ ही रैली में मौजूद सभी व्यक्ति नीचे झुक जाते हैं। गोली चलते ही ट्रंप के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें घेर कर सुरक्षा दी। ट्रंप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। ट्रंप के कान और चेहरे पर खून निकला है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

घटना भारतीय समय के मुताबिक रविवार सुबह 4 बजे की है। तब अमेरिका में शनिवार के शाम करीब 6.30 बज रहे थे। ट्रंप अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के बटलर शहर में चुनावी रैली कर रहे थे। ट्रंप पर गोली चलाने वाला शख्स 20 वर्षीय नवयुवा बताया जा रहा है। गोलियां चलने की आवाज़ आने से चंद मिनट पहले मंच के सामने मौजूद बिल्डिंग की छत पर एक शख़्स को कोहनियों के बल रेंगते हुए देखा गया था। उसके हाथ में राइफल बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि ट्रंप पर गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है और उसे मार दिया गया है लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

देश और दुनिया की तमाम हस्तियों ने इस कृत्य की निंदा की है और ट्रंप की सलामती की कामना की है। भारत से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस हमले की निंदा की है। टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने भी हमले की निंदा की है।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।