राजेश जैन दद्दू, इंदौर

30 जुलाई 2024

7724038126

प्रसिद्ध जैन गणितज्ञ और जैन विद्याओं के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान, डॉ. अनुपम जैन को जैन विद्वत अकादमी, अहमदाबाद द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के अंतर्गत उन्हें प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और अन्य उपहार प्रदान किए गए। प्रशस्ति पत्र का वाचन प्रसिद्ध वैज्ञानिक और शिक्षाविद, डॉ. नारायण लाल कछारा ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नेशनल मून मिशन के वैज्ञानिक और जैन एकेडमी ऑफ़ स्कॉलर्स के अध्यक्ष, डॉ. नरेंद्र भंडारी ने की। समारोह में देश-विदेश के कई विद्वान और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

डॉ. अनुपम जैन को यह पुरस्कार प्राचीन जैन गणित के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने जैनाचार्यों द्वारा लौकिक और अलौकिक गणित में दिए गए योगदान को प्रकाश में लाने के साथ-साथ पत्रकारिता और पांडुलिपि संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनकी दो दर्जन से अधिक पुस्तकों और शताधिक शोध आलेखों के रूप में किए गए साहित्यिक योगदान को भी सराहा गया।

डॉ. अनुपम जैन इंडियन रिसर्च कम्युनिकेशन और अर्हत वचन शोध पत्रिका के संपादक हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र जैसे प्रांतों की लगभग 2 लाख पांडुलिपियों का सूचीकरण और संरक्षण किया है। वर्तमान में वे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में आचार्य गणित के रूप में कार्यरत हैं और प्राचीन भारतीय गणित शोध केंद्र के निदेशक और भारत सरकार द्वारा स्थापित IKS सेंटर इन जैन मैथमेटिक्स में प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर के रूप में कार्यरत हैं। प्रोफेसर जैन की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालयों के आचार्यों और दिगंबर जैन समाज के कई समाज सेवियों ने उन्हें बधाई दी है।