इंदौर/नई दिल्ली, 26 दिसंबर 2024,(न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126:  पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में गुरुवार रात अंतिम सांस ली। दिल्ली एम्स प्रबंधन ने उनके निधन की पुष्टि की है। डॉ सिंह का गुरुवार शाम को स्वास्थ्य खराब हो गया था, उन्हें एम्स में रात 8 बजकर 6 मिनट पर इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था जहां रात 9 बजकर 51 मिनट पर उन्होने अंतिम सांस ली।

डॉ. मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री रहे। उन्होने 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की और अपने कार्यकाल के दौरान आर्थिक सुधारों और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से देश में शोक की लहर है, और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।

डॉ सिंह पीवी नरसिम्हा राव के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान 1991-1996 तक वित्त मंत्री रहे। डॉ सिंह के कार्यकाल में कई आर्थिक सुधार के कार्य हुए।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक अकाउंट X पर लिखा,”भारत ने अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक, डॉ. मनमोहन सिंह जी को खोया है। विनम्र शुरुआत से उठकर, वह एक सम्मानित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित सरकार के विभिन्न पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीतियों पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके विचारशील हस्तक्षेप भी महत्वपूर्ण रहे। प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।”

कॉंग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक अकाउंट X पर लिखा,” उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक और प्रेरक खो दिया है। हम लाखों लोग, जो उन्हें प्रशंसा की दृष्टि से देखते थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।”

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।