रीवा में हैवानियत: दो महिलाओं को जिंदा गाढ़ने का प्रयास, कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा, तब सीएम ने लिया संज्ञान

भोपाल/इंदौर, 21 जुलाई 2023

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मनगंवा थाना क्षेत्र के हनौता कोठार ग्राम में जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में दो महिलाओं पर डंपर से मुरुम डाल कर उन्हें ज़िंदा गाढ़ने के प्रयास में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शनिवार की है। आज सुबह जब कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को इस मामले में घेरा तब मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए आज आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही के जिला प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिये हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज सुबह ट्वीट कर प्रदेश सरकार से महिला सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

सीएम डॉ मोहन यादव ने भी ट्वीट कर जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश के नागरिकों की विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उनके खिलाफ किसी भी अपराध में आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कठोर से कठोर कार्यवाही होगी।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक विवाद है। इस प्रकरण में पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। आरोपी विपिन पांडेय को पुलिस ने हिरासत में लिया है वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। महिलाओं का भी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हिनौता कोठार में जमीनी विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर पहुंचा। यहां फरियादी आशा पांडेय पति सुरेश पाण्डेय (25 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनका, पारिवारिक ससुर गौकरण पांडेय से साझे की जमीन को लेकर रास्ता निकलने को लेकर विवाद है। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गौकरण पांडेय और देवर विपिन पांडेय विवादित जमीन पर सड़क बनवाने के लिए हाइवा से मुरूम लेकर आए। जहां आशा पांडेय अपनी देवरानी ममता पांडेय के साथ जाकर हाइवा क्रमांक एमपी 17 एचएच-3942 के चालक को मुरूम गिराने से मना करने लगी। हाइवा चालक ने दोनों की बात नहीं सुनी तो वे डंपर के पीछे मुरुम गिरने के स्थान पर बैठने लगी इसी बीच अचानक हाइवा चालक ने तेजी से मुरुम गिरा दी। दोनों मुरुम में दबने लगी, तभी मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।