इंदौर,30 अगस्त 2024

राष्ट्र संत आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज की शिष्या बाल ब्रह्मचारिणी नीतू दीदी एवं प्रियंका दीदी की आर्यिका दीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर 2024 को तीर्थराज श्री समय शिखर जी में निश्चित हुआ है। इस पवित्र दीक्षा से पूर्व दीक्षार्थी बहनों का भव्य बिनौला एवं गोद भराई महोत्सव सोमवार, 2 सितंबर 2024 को शाम 6:30 बजे मोदी जी की नसियां से प्रारंभ होगा। यह शोभायात्रा मल्हारगंज, शीतला माता बाजार, इतवारिया बाजार होते हुए रामा शाह मंदिर जी पर समाप्त होगी।

दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका और समाज के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि राष्ट्र संत आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज ससंघ का पिछला ऐतिहासिक चातुर्मास इंदौर में दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद, फेडरेशन, इंदौर रीजन एवं श्री पंच लश्करी गोठ, रामाशाह मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में मोदी जी की नसियां इंदौर में संपन्न हुआ था। उसी समय दोनों बाल ब्रह्मचारिणी बहनों ने आचार्य श्री से आर्यिका दीक्षा का निवेदन किया था, जिसे आचार्य श्री ने उचित समय पर पूरा करने का वादा किया था। अब वह शुभ समय आ गया है।

इंदौर की कई जैन संस्थाओं के पदाधिकारियों, जिनमें दिगंबर जैन समाज, सामाजिक संसद, फेडरेशन इंदौर रीजन, श्री पंच लश्करी गोठ रामाशाह मंदिर, राष्ट्रीय खंडेलवाल जैन महिला संगठन, श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन बीस पंथी मंदिर कमेटी, कीर्ति वाणी महिला मंडल, चंदा प्रभु महिला मंडल, विहर्ष भक्त मंडल और अन्य संस्थाएँ शामिल हैं, ने सभी समाज जनों से इस महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।