आज 8 राज्यों की 58 सीटों पर हो रहा है मतदान

सुबह 11 बजे तक 25.76 प्रतिशत मतदान सम्पन्न

इंदौर/नई दिल्ली

भारत के लोक सभा चुनाव में आज 6वें चरण की वोटिंग शुरू हो चुकी है। आज 8 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन आठ राज्यों में दिल्ली की सभी सात और हरियाणा की सभी दस सीटों पर , बिहार की आठ सीटों, जम्मू और कश्मीर की एक सीट, झारखंड की चार सीट, ओडिशा की छह सीट, उत्तर प्रदेश की 14 सीट और पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर वोटिंग हो रही है।

इन चर्चित सीटों पर है सबकी नजरें

दिल्ली में कन्हैया कुमार दे रहे हैं मनोज तिवारी को टक्कर

इस बार दिल्ली की सभी 7 सीटें खास हैं । यहाँ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) का गठबंधन चुनाव लड़ रहा है। जिसमें कांग्रेस 3 और आप 4 सीटों पर लड़ रही है। उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार भाजपा के वर्तमान सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी को टक्कर दे रहे हैं। कन्हैया कुमार पर हाल ही में एक रैली में हमला भी हुआ था। कन्हैया कुमार और मनोज तिवारी अपने आक्रामक बयानों के लिए जाने जाते हैं।

सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी का पहला चुनाव

नई दिल्ली से भाजपा की तरफ से भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.  सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज चुनावी रण में हैं। पेशे से वकील बांसुरी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, उनका मुक़ाबला आप के तीन बार के विधायक सोमनाथ भारती से है।

संबित पात्रा

ओडिशा की पुरी सीट से भाजपा के मुखर वक्ता संबित पात्रा चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में पात्रा भगवान जगन्नाथ को मोदी का भक्त बताकर  विपक्ष के निशाने पर आ गए थे, जिसके बाद उन्होने माफी मांगी थी।

धर्मेंद्र प्रधान

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

महबूबा मुफ़्ती

जम्मू कश्मीर की अनंतनाग राजौरी सीट से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती चुनावी मैदान में हैं।  लेकिन विपक्षी इंडिया गठबंधन में होने के बावजूद नेशनल कांफ्रेंस ने भी अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया है। यहां से नेशनल कांफ्रेंस ने मिया अल्ताफ़ को उतारा है।

मेनका गांधी

उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर सीट से दोबारा पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी खड़ी हैं। इस बार उनके बेटे वरुण गांधी का टिकट भाजपा ने काट दिया है। कुछ दिन पहले ही वरुण ने अपनी मां के लिए प्रचार शुरू किया है।

मनोहर लाल खट्टर

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भाजपा से हरियाणा की करनाल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं । यहाँ मौजूदा किसान आंदोलन का असर दिख रहा है।

यूपी में आजमगढ़ सीट

उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में से एक है आजमगढ़, जिसे समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है लेकिन वहां से अखिलेश यादव के सीट खाली करने के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मुलायम सिंह परिवार के सदस्य धर्मेंद्र यादव से जीत गए थे। इस बार भी धर्मेंद्र यादव मैदान में हैं।

प. बंगाल से पूर्व जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय

कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय ने मार्च में इस्तीफ़ा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी और पार्टी ने उन्हें तामलुक से पार्टी का कैंडिडेट बना दिया था।

नवीन जिंदल

उद्योगपति और कांग्रेस से सांसद रहे नवीन जिंदल ने हाल ही में पाला बदल कर बीजेपी का दामन थाम लिया था और बीजेपी ने उन्हें कुछ ही घंटों बाद कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था।

इनके अलावा छठे चरण की दौड़ में राज बब्बर, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और अपराजिता सारंगिया जैसे नाम प्रमुख हैं।

आम चुनाव को सात चरणों में कराया जा रहा है। इसके पांच चरण के मतदान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को कराए गए थे। 4 जून को मतगणना है।