अभ्यास मंडल द्वारा आयोजित ‘शहर के विकास में नागरिकों की भूमिका’ विषय पर रखे विचार

इंदौर,10 अगस्त 2024

इंदौर संभाग के संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने कहा है कि इंदौर के विकास के लिए आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करना आवश्यक है। ग्रीन एनर्जी वर्तमान समय की आवश्यकता है, और इस क्षेत्र में अधिक काम किए जाने की जरूरत है। सिंह आज शाम को मध्य भारत हिंदी साहित्य समिति के सभागार में अभ्यास मंडल द्वारा आयोजित मासिक व्याख्यान में ‘शहर के विकास में नागरिकों की भूमिका’ विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि “पहली सांस लेने के साथ हमारा जीवन शुरू होता है और अंतिम सांस लेने के साथ समाप्त होता है। इस तरह से दो सांसों के बीच हमारा जीवन चलता है। इस जीवन काल में हम जिस माटी में रहते हैं, उसके स्वभाव के अनुसार हमारा कार्य और व्यवहार बनता है।”

सिंह ने इंदौर और आसपास के क्षेत्र के बारे में बात करते हुए कहा कि “अब भूजल का स्तर इतना नीचे जा चुका है कि इंदौर संभाग का क्षेत्र ड्राई एरिया के रूप में परिवर्तित हो गया है।” उन्होंने नागरिकों द्वारा किए गए स्वच्छता के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह इंदौर की पहचान बन चुका है। केरल, बेंगलुरु, पुणे और टोक्यो के उदाहरणों का हवाला देते हुए, सिंह ने कहा कि इंदौर में भी नागरिकों की भागीदारी से बदलाव लाया गया है।

उन्होंने एम.वाई. अस्पताल के उदाहरण के माध्यम से बताया कि नागरिकों ने रोगी कल्याण समिति का गठन कर अस्पताल की स्थिति में सुधार किया और इस मॉडल को पूरे प्रदेश में अपनाया गया। सिंह ने इंदौर के औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र की ताकत की बात करते हुए कहा कि, “हमें शहर की सड़कें चौड़ी करने के साथ-साथ यातायात, कार्बन उत्सर्जन और एयर क्वालिटी जैसे मुद्दों पर ध्यान देना होगा।”

सिंह ने इंदौर में हाल ही में किए गए 12 लाख पौधों के रोपण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्व कीर्तिमान है और इंदौर जन भागीदारी में अन्य शहरों से आगे है। उन्होंने कहा कि “हमें आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करना जरूरी है। हमें यह जानना चाहिए कि दुनिया में क्या हो रहा है।” उन्होंने अंत में ग्रीन एनर्जी की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि इस क्षेत्र में अभी और काम किए जाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन माला सिंह ठाकुर ने किया, जबकि सेवानिवृत पुलिस अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। आभार प्रदर्शन अशोक कोठारी ने किया।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।