इंदौर, 30 सितंबर 2024 (न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज गांधी भवन से कलेक्टर कार्यालय तक एक विशाल पर्दाफाश पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा का नेतृत्व इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने किया। रैली में हजारों कांग्रेसजन शामिल हुए और भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ती नशाखोरी और अपराधों को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता त्रस्त है जबकि अधिकारी और सरकार मस्त हैं। रैली के दौरान सत्याग्रह आंदोलन करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराधों के साथ-साथ युगपुरुष आश्रम में बच्चों की मौत के मामले में कार्रवाई न होने पर भी नाराजगी जताई गई।

रैली में महिलाओं की भी भारी भागीदारी रही, जो भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चल रही थीं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इंदौर में भ्रष्टाचार, नशाखोरी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, लूटपाट, वाहन चोरी जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, और सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। यादव ने आगे कहा कि भाजपा के राज में हर चीज महंगी हो चुकी है, चाहे वह पेट्रोल हो, डीजल, गैस सिलेंडर या फिर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत सरकारी और प्राइवेट कॉलेज के छात्रों को जबरन सदस्य बनाया जा रहा है और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की धमकियां दी जा रही हैं।

इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व शहर अध्यक्ष कृपाशंकर शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, अमन बजाज, अंकित खड़ायता, महेंद्र रघुवंशी, पार्षद शेख अलीम सहित कई अन्य प्रमुख कांग्रेसजन शामिल थे। रैली का समापन कलेक्टर कार्यालय पर हुआ, जहां कांग्रेसजन ने अपने संघर्ष को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि वे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।