छात्रावास, एरोपोनिक्स यूनिट, मुख्य द्वार और ऑडिटोरियम का लोकार्पण; नई कन्या छात्रावास भवन का शिलान्यास

इंदौर, 26 नवंबर 2025 : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बुधवार को इंदौर के कृषि महाविद्यालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जननायक टंट्या भील बालक छात्रावास, एरोपोनिक्स यूनिट, महाविद्यालय का मुख्य द्वार, ऑडिटोरियम और कन्या छात्रावास के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया तथा नवीन कन्या छात्रावास भवन का शिलान्यास किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में कृषि क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कृषि महाविद्यालयों में छात्राओं की बढ़ती संख्या पर संतोष व्यक्त किया तथा रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर मोटे अनाज पर आधारित पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में राजमाता विजयराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु अरविंद शुक्ला, दलहन अनुसंधान केंद्र के पूर्व निदेशक ए.के. तिवारी और इंदौर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता भरत सिंह उपस्थित रहे।


कुलगुरु शुक्ला ने बताया कि वर्ष 1924 में स्थापित इंदौर कृषि महाविद्यालय में दलहन एवं प्राकृतिक खेती पर निरंतर अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “ग्रीन ग्रेजुएशन कार्यक्रम” के तहत विद्यार्थी नियमित रूप से परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” लगाते हैं और उसका संरक्षण करते हैं।


राज्यपाल से संभागायुक्त और कलेक्टर की सौजन्य भेंट

इंदौर, 26 नवंबर 2025 : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बुधवार की शाम रेसीडेंसी कोठी में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर शिवम वर्मा से सौजन्य भेंट की। अधिकारियों ने राज्यपाल को संभाग में चल रही अवसंरचना परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया।

राज्यपाल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए लोककल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संवेदनशील एवं उत्तरदायी प्रशासन की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सतत निगरानी और नवाचार के साथ कार्य करने का सुझाव दिया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।