15 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना
इंदौर ,10 जनवरी 2026 : इंदौर महानगर की 286 से अधिक बस्तियों, मोहल्लों और टाउनशिप में रविवार को हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इन सम्मेलनों की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं, जो अब उत्सव के रूप में दिखाई दे रही हैं।
सम्मेलनों की व्यवस्थाओं में स्थानीय युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। मंच सज्जा, बैठने की व्यवस्था, भोजन निर्माण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर भूमि पूजन पहले ही हो चुका है और शनिवार को अन्नपूर्णा पूजन किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न हिन्दू संगठनों द्वारा इन सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि प्रत्येक बस्ती में 4 से 5 हजार लोगों की भागीदारी रहने की संभावना है, जिससे पूरे इंदौर में करीब 15 लाख लोग सम्मेलनों में शामिल हो सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार सभी कार्यक्रमों की सूचना प्रशासन को देकर आवश्यक अनुमति ली गई है। प्रत्येक सम्मेलन की अवधि लगभग तीन घंटे होगी, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भजन, बौद्धिक सत्र और समरसता भोज शामिल रहेगा।
अधिकांश सम्मेलन रविवार को सुबह 11 बजे से शुरू होंगे, जबकि कुछ कार्यक्रम शाम 4 बजे से आयोजित किए जाएँगे।
