ड्रीम सिटी कॉलोनी में धंसी रिटेनिंग वॉल पर सुरक्षा के निर्देश
इंदौर, 12 जून 2025।
आगामी वर्षा ऋतु में शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने आज झोन क्रमांक 07 के अंतर्गत खालसा निरंजनपुर चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान चौराहे के लेफ्ट टर्न को चौड़ा करने का कार्य प्रगति पर पाया गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले यह कार्य पूर्ण कर लिया जाए ताकि यातायात सुगम रहे।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री डीआर लोधी, यातायात प्रभारी वैभव देवलासे, झोनल अधिकारी अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद आयुक्त वर्मा ने ड्रीम सिटी कॉलोनी क्षेत्र का भी जायजा लिया। यहां नाले की रिटेनिंग वॉल क्षतिग्रस्त पाई गई, जिस पर आयुक्त ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल बेरिकेटिंग करने और वॉल की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
नगर निगम द्वारा आगामी दिनों में अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
