ऐरोड्रम थाने के चालान कोर्ट में पेश नहीं होने देने का ऐलान
इंदौर। अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने असहयोग आंदोलन का ऐलान किया है। अधिवक्ता धर्मेंद्र गुर्जर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, आंदोलन के तहत पुलिस थाना ऐरोड्रम से संबंधित कोई भी चालान जिला न्यायालय में पेश नहीं होने दिया जाएगा।
धर्मेंद्र गुर्जर ने अपने संदेश में कहा है कि अधिवक्ता के साथ मारपीट के मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के विरोध में यह कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने इसे असहयोग आंदोलन बताते हुए ऐरोड्रम थाना पुलिस के चालान न्यायालय में पेश नहीं होने देने की बात कही है।
हालांकि, इस आंदोलन में जिला न्यायालय के कितने अधिवक्ता शामिल होंगे और संबंधित बार एसोसिएशन की आधिकारिक भूमिका क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
