इंदौर, 8 मई (न्यूज़ओ2) मदर्स डे के उपलक्ष्य में शहर में 9 और 10 मई को मातृ शक्ति को समर्पित द्वि-दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संयोजक डॉ. उषा गौर और पंकज गौर के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत पहले दिन विशाल स्वास्थ्य शिविर तथा दूसरे दिन मातृ सम्मान समारोह होगा। आयोजन शांति अवेदना ट्रस्ट, ICSR, IIPO, MPVHA एवं खंडेलवाल महिला समन्वय क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार 9 मई को सपना संगीता स्थित मिशिका टावर के IIPO संस्थान परिसर में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जिसमें महिलाओं के लिए फुल बॉडी प्रोफाइल, गायनिक जांच, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्राचार्य होलकर साइंस कॉलेज डॉ. अरुण खेर की विश्व रिकॉर्ड प्राप्त बायोडायवर्सिटी प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। अंडा शेल पर 650 से अधिक पक्षियों के चित्रों पर आधारित यह प्रदर्शनी जैव-विविधता संरक्षण का संदेश देगी।
संयोजक डॉ. उषा गौर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मातृ शक्ति को सम्मानित करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक चेतना का समन्वित प्रयास है।
दूसरे दिन 10 मई को आयोजित मदर्स डे समारोह में समाज की 11 प्रेरणादायी माताओं को ‘अनब्रेकेबल स्ट्रेंथ’ और ‘इंस्पायरिंग मदर’ जैसे सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा।
ICSR के निदेशक डॉ. एस.एस. नैय्यर तथा श्रीमती अल्पना खंडेलवाल ने नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।
पंजीकरण एवं जानकारी के लिए आयोजकों ने संपर्क नंबर 7415789855 और 9993274455 जारी किए हैं।
