इंदौर, 07 फरवरी 2025,(न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126: इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर कचरा फेंकने के मामले में नगर निगम ने दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
इंदौर, जो देश का सबसे स्वच्छ शहर है, उसमें नगर निगम सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लगातार सख्ती से काम कर रहा है। आरोप है कि चोइथराम मंडी के पास एक व्यक्ति महफूज और उसके साथियों द्वारा बीच सड़क पर कचरा फेंका जा रहा था। इसी दौरान नगर निगम की टीम वहां से गुजर रही थी और उन्होंने जब कचरा फेंकने से मना किया और जुर्माना भरने को कहा तो महफूज और उसके साथियों ने मना कर दिया।
जब नगर निगम की टीम ने महफूज की गाड़ी जब्त की, तो आरोपियों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही निगम कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
नगर निगम की टीम ने इस पूरे मामले की शिकायत राजेंद्र नगर पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।