गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय पर केक काटकर मनाया नोटा की जीत का जश्न

इंदौर में दो लाख मतदाताओं ने नोटा दबाकर दर्ज किया विरोध

इंदौर में नोटा की जीत, कांग्रेस ने अपनी हार का मनाया जश्न

इंदौर, 6 जून 2024

मध्य प्रदेश के इंदौर की लोक सभा सीट पर नोटा (None of the above) विकल्प  2 लाख 18 हजार से अधिक मतदाताओं ने चुनकर अपना विरोध दर्ज कराया है। नोटा को पड़े सर्वाधिक मतों का जश्न इंदौर शहर कांग्रेस ने गांधी भवन पार्टी कार्यालय पर केक काटकर मनाया है। इस दौरान कांग्रेस ने नोटा के देश व इंदौर में नम्बर-1 आने पर जनता को बधाई देते हुए हाथों में तख्तिया पकड़ रखी थीं ,जिस पर लिखा था, “भाजपा ने खेल किया है खोटा” “इंदौर की जनता ने दबाया नोटा” साथ ही नारे भी लगाये। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता के प्रति अपना आभार धन्यवाद व्यक्त किया।

शहर कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव एवं सम्भागीय प्रवक्ता सन्नी राजपाल ने बताया, “इंदौर लोकसभा चुनाव में 2,18,674 लाख वोट नोटा में देकर आम जनता ने अपने मताधिकार का उपयोग कर भारतीय जनता पार्टी का चाल चरित्र और चेहरा उजागर किया, जिस तरीके का कृत्य भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में किया था और लोकतंत्र की हत्या की थी, उसी का परिणाम है कि लोकसभा चुनाव में इंदौर और देश मे नोटा नम्बर-1 आया है इसलिये नोटा का जश्न कांग्रेस ने जन्मदिन के रूप में केक काटकर मनाया।“

उल्लेखनीय है इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम के एन मौके पर भाजपा में शामिल हो गए थे जिससे कांग्रेस का कोई उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं था। इसके बाद कांग्रेस ने नोटा का प्रचार कर नोटा का बटन दबाने की अपील जनता से की थी।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।