इंदौर, 15 अप्रैल 2026। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ एक विशेष कार्यशाला एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय के सभागार में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन-02 कुमार प्रतीक, पुलिस उपायुक्त क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-02 अमरेन्द्र सिंह सहित 120 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री के प्रति जिम्मेदारी, जागरूकता और कंटेंट क्रिएशन के दौरान कानूनी प्रावधानों के पालन को लेकर प्रतिभागियों को जागरूक करना रहा। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इन्फ्लुएंसर्स को बताया गया कि किसी भी पोस्ट या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता, सामाजिक प्रभाव और कानूनी पहलुओं की जांच करना आवश्यक है। साथ ही भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री से दूर रहने की सलाह दी गई।
इंदौर पुलिस ने प्रतिभागियों को आईटी एक्ट सहित संबंधित कानूनों के तहत होने वाली कार्रवाई की जानकारी भी दी और चेताया कि भड़काऊ या गलत सामग्री पोस्ट करने पर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इन्फ्लुएंसर्स समाज में प्रभावशाली भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपनी रचनात्मकता का उपयोग सकारात्मकता और जन-जागरूकता फैलाने के लिए करें, न कि नकारात्मकता के प्रसार के लिए।
संवाद सत्र के दौरान इन्फ्लुएंसर्स ने सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने समाधान किया। साथ ही उन्हें यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा से संबंधित संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में पुलिस के साथ वॉलिंटियर के रूप में जुड़ने का आह्वान किया गया।
इन्फ्लुएंसर्स ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सोशल मीडिया का उपयोग समाज हित में करने का आश्वासन दिया।
इंदौर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।
