इंदौर। इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक कबाड़ी द्वारा गैस सिलेंडर काटने के दौरान अज्ञात गैस का रिसाव हो गया। कुछ समय के लिए इलाके में तेज बदबू फैल गई और लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और उल्टियां होने की शिकायत हुई। एहतियातन 5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
CMHO का वर्जन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. माधव हसानी ने बताया कि अस्पताल लाए गए सभी पांच मरीजों की स्थिति सामान्य है।
“All five are comfortable, stable.”
डॉ. हसानी के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर है और घबराने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने ली जानकारी
शिवम वर्मा ने घटना की जानकारी लेते हुए प्रशासनिक अमले को मौके पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि
“स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।”
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियातन आसपास के क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराया गया और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर काटते समय गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। संबंधित कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में हालात सामान्य हैं और बाजार में गतिविधियां धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।
(अपडेट जारी)
