घटना की पुनरावृत्ति रोकने पुख्ता इंतज़ाम के निर्देश, पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता
इंदौर, 16 सितम्बर 2025 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार शाम इंदौर में हुई सड़क दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने घटना को पूरी गंभीरता से लिया है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली।
पुलिस उपायुक्त अरविंद तिवारी लाइन अटैच
डॉ. यादव ने बताया कि घटना की जांच अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह द्वारा कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई होगी। उन्होंने पुलिस उपायुक्त यातायात अरविंद तिवारी को हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए आठ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें सहायक पुलिस आयुक्त सुदेश सिंह, एएसआई प्रेम सिंह, सूबेदार चंद्रेश मरावी, निरीक्षक दीपक यादव और ड्यूटी पर तैनात चार कांस्टेबल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने घटना के दौरान बचाव कार्य में सहयोग करने वालों को सम्मानित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित वाहनों की रोकथाम, यातायात नियंत्रण, ड्रोन व्यवस्था और अन्य प्रबंधन उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। एलिवेटेड ब्रिज सहित अन्य निर्माण की संभावनाओं की भी समीक्षा होगी।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कार्यालय में जिला प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
