इंदौर में ‘सिंदूर शौर्य यात्रा’ के माध्यम से मातृशक्ति ने दिखाई राष्ट्रभक्ति की मिसाल

इंदौर, 19 मई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आतंक के खात्मे के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को सफल मानते हुए इंदौर में आज मातृ शक्ति द्वारा शौर्य यात्रा निकाली गई।मां अहिल्या मंच के बैनर तले आयोजित इस शौर्य यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं थीं। हाथ में तिरंगा लिए राजबाड़ा स्थित अहिल्या देवी की प्रतिमा से बड़ा गणपति स्थित सुभाष प्रतिमा तक जुलूस निकला। यात्रा में देश भक्ति के नारे लगे।

बड़ा गणपति पर मंच बनाया गया था। यहाँ 40 से ज्यादा बीएसएफ के जवान और सेवानिर्वत्त सैन्य अधिकारी उपस्थित थे, जिन्हें मातृ शक्ति ने हल्दी, कुमकुम का तिलक लगाया। साथ ही कुछ महिलाओं ने अपने रक्त से तिलक किया। इस अवसर पर दो महिला चिकित्सक मौजूद रहीं जिन्होने इच्छुक महिलाओं की रक्त तिलक में सहयोग किया।

इस यात्रा में महिलाओं के साथ किन्नर समुदाय की महिलाओं का भी बढ़ चढ़ कर जोश देखने मिला। उन्होने भी सैनिक भाइयों का तिलक किया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुईं महिलाएं अपने बच्चों को रानी लक्ष्मीबाई, शिवाजी, महाराणा प्रताप जैसे वीरों की वेशभूषा पहनाकर लाईं।

इस अवसर पर डॉ. माला ठाकुर ने कहा कि सिंदूर नारी शक्ति की आस्था और पराक्रम का प्रतीक है। यह यात्रा उन आतंकवादियों को संदेश है जिन्होंने बहनों के सिंदूर पर वार किया।

कार्यक्रम में श्रीमती कीर्ति तिवारी, एड. स्वाति उखले, श्रीमती अनिता रघुवंशी, प्रियंका मोक्षमार समेत कई प्रमुख महिलाएं उपस्थित रहीं। संचालन श्रीमती संगीता चौहान व आभार श्रीमती आरती मिश्रा ने व्यक्त किया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *