27 अप्रैल से 2 मई 2025 तक भव्य आयोजन

इंदौर। जैनाचार्य श्री विशुद्ध सागर को पट्टाचार्य पद से सुशोभित करने का पट्टाचार्य पदारोहण महामहोत्सव इंदौर के सुमति धाम जिनालय में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 27 अप्रैल से 2 मई 2025 तक चलेगा, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु और संत-साध्वियाँ सम्मिलित होंगी।


500 से अधिक संतों की उपस्थिति

इस महोत्सव में 500 से अधिक आचार्य, उपाध्याय, साधु, ऐलक, छुल्लक, गणनी, आर्यिका, ब्रह्मचारी और ब्रह्मचारिणी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, 300 से अधिक त्यागी-वृत्ति श्रावक और श्राविकाएं भी आयोजन का हिस्सा बनेंगी।


65 एकड़ भूमि पर होगा आयोजन

इस विशाल आयोजन के लिए इंदौर के तीर्थ स्वरूप सुमति धाम में लगभग 65 एकड़ भूमि तैयार की गई है। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से गुरु-भक्त परिवारों की भागीदारी होगी।


बारकोड से होगी एंट्री

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। एंट्री केवल बारकोड स्कैनिंग के बाद ही मिलेगी।


मुख्य कार्यक्रम

27 अप्रैल 2025: सभी संघों का एक साथ सुमति धाम में प्रवेश होगा।

30 अप्रैल 2025 (अक्षय तृतीया): आचार्य विशुद्ध सागर जी को पट्टाचार्य पद से सुशोभित किया जाएगा।

2 मई 2025: गणाचार्य श्री विरागसागर जी की 61वीं जन्म जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी।


समाधिस्थ गणाचार्य विरागसागर जी के उपदेशानुसार आयोजन

यह आयोजन श्रमण संस्कृति के समाधिस्थ गणाचार्य श्री विरागसागर के अंतिम उपदेशानुसार किया जा रहा है। आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी को चर्या शिरोमणि और शताब्दी देशना चार्य के रूप में प्रतिष्ठित किया जाएगा।


इस महामहोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह जैन समाज के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।