- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धरती से अंतरिक्ष तक भारत ने मनवाया अपनी क्षमताओं का लोहा, स्टार्टअप इकोसिस्टम बना वैश्विक पहचान
इंदौर, 20 दिसंबर 2025 (शनिवार)।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने धरती से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी क्षमताओं का लोहा मनवाया है और आज देश एक उभरती हुई वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है। सिंधिया शनिवार को इंदौर में आयोजित यंग एंटरप्रेन्योर फोरम (YEF) के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम इस परिवर्तन की सबसे सशक्त मिसाल है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में युवाओं के बीच उद्यमिता की भावना तेज़ी से बढ़ रही है और प्रदेश के युवा बड़ी संख्या में आगे आकर विकसित मध्यप्रदेश की यात्रा में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और छात्र उपस्थित रहे।
युवा ही नए भारत की धड़कन
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत Dreamers, Doers और Disruptors का भारत है। उन्होंने कहा कि भारत को अलग पहचान X-Factor नहीं बल्कि D-Factor देता है—Dreamers, Doers और Disruptors। सिंधिया ने कहा कि आज देश की विकास गाथा केवल कॉरपोरेट बोर्डरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉलेज हॉस्टल, गैरेज, छोटे शहरों और स्टार्टअप्स से लिखी जा रही है। भारत की प्रगति अब केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि हर नागरिक के सपनों, अवसरों और उद्यमिता से जुड़ी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदला विकास का अर्थ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की परिभाषा बदली है। अब विकास का अर्थ केवल बड़े कारखाने नहीं, बल्कि नवाचार, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और युवाओं की भागीदारी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत में लगभग 350 स्टार्टअप थे, जबकि आज यह संख्या 1.8 लाख से अधिक हो चुकी है।
भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि UPI, जो कभी एक घरेलू डिजिटल प्रणाली थी, आज वैश्विक डिजिटल भुगतान का मॉडल बन चुकी है। सिंधिया ने कहा कि आज भारत के पास दुनिया का सबसे मजबूत टेलीकॉम और डिजिटल नेटवर्क है। डिजिटल कनेक्टिविटी ने न केवल अर्थव्यवस्था को गति दी है, बल्कि शासन, पारदर्शिता और अवसरों को भी आम नागरिक तक पहुँचाया है।
स्टार्टअप और नवाचार का नया केंद्र बन रहा मध्यप्रदेश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश स्टार्टअप और युवा उद्यमिता का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। प्रदेश की युवा ऊर्जा, नीति समर्थन और उद्यमशील वातावरण भारत की आर्थिक यात्रा को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नैतिकता और मूल्यों के बिना विकास खोखला होता है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा,
“जहाँ कोई न चला, वहाँ हम चलेंगे; जो किसी ने न किया, वह हम करेंगे, लेकिन प्रगति सिर्फ हमारी नहीं, पूरे देश के हर नागरिक की होनी चाहिए।”
100 वर्षों की वैचारिक यात्रा और युवा शक्ति
अपने संबोधन में सिंधिया ने क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते और प्रांत प्रचारक राजमोहन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्र निर्माण की विचारधारा ने 100 वर्षों से देश को दिशा दी है। इसी विचार से प्रेरित होकर आज के युवा नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

