कलेक्टर तिराहा पर गुरुवार को धरना प्रदर्शन

इंदौर, 16 अप्रैल 2025

जनहित पार्टी द्वारा लैंड पूलिंग एक्ट 2025 के विरोध में कल 17 अप्रैल, गुरुवार को धरना और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक कलेक्टर तिराहा, इन्दौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय जैन के नेतृत्व में किया जाएगा।

बिना सहमति, बिना मुआवजा अधिग्रहण का विरोध
पार्टी के अध्यक्ष अभय जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार के नए लैंड पूलिंग एक्ट 2025 के तहत अब किसानों की सहमति लिए बिना ही भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। अधिग्रहण के बाद भूमि का आधा हिस्सा विकसित कर किसानों को कब और कहां वापस दिया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया है।

किसानों की आजीविका पर संकट
जनहित पार्टी ने सवाल उठाया है कि जब तक परियोजना पूरी नहीं होती, तब तक किसान अपनी आजीविका कैसे चलाएगा? साथ ही विकसित भूमि का कीमती हिस्सा किसे मिलेगा, इस पर भी सरकार की ओर से कोई स्पष्टता नहीं है।

कानून को तत्काल रद्द करने की मांग
पार्टी ने इस कानून को “किसान विरोधी” और “काला कानून” बताते हुए इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यह अधिनियम किसानों के अधिकारों का हनन करता है और उनकी जमीन को छीनने का एक माध्यम बन गया है।

राज्यव्यापी जन जागरण अभियान की घोषणा
धरने और ज्ञापन के पश्चात जनहित पार्टी मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में यात्रा निकालकर जन जागरण अभियान चलाएगी और किसानों से संपर्क कर उन्हें इस कानून के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।