‘बमकांड’ : ताई के बयान का मप्र भाजपा ने किया समर्थन, प्रदेश अध्यक्ष बोले इसकी क्या आवश्यकता थी…!

इंदौर/ग्वालियर

वयोवृद्ध कहकर अनफिट करार देकर किनारे की गई पूर्व लोक सभा स्पीकर सुमित्रा महाजन (ताई) के बयान का प्रदेश भाजपा ने भी समर्थन किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को ग्वालियर में पत्रकारों से कहा कि ताई की चिंता बिलकुल सही है। जो हुआ उसकी क्या आवश्यकता थी…!

प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि सुमित्रा ताई ने जो चिंता की है वह सही है। कांग्रेस प्रत्याशी के बीच मैदान में छोड़ कर भागने से कार्यकर्ताओं में निराशा का भाव है। इससे वोटिंग प्रतिशत गिरेगा। कांग्रेस के जो कर्मठ कार्यकर्ता हैं, वे निराशा के वातावरण में हैं। शर्मा ने बम का नाम लिए बगैर कहा कि वे जीतू पटवारी के बहुत खास थे, अब क्यों पार्टी छोड़ कर भाग रहे ?

शर्मा ने ये भी कहा कि सभी को दिख रहा है कि मोदी के नेतृत्व में देश का विकास कर रहा है। लोगों को भाजपा में भविष्य दिखता है, इसलिए आ रहे हैं और हम भी उन्हें दुपट्टा पहनाकर शामिल कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम द्वारा एन मौके पर नामांकन फॉर्म उठाकर भाजपा में शामिल हो जाने की घटना पर सुमित्रा ताई ने नाराजगी जाहिर की थी।  newso2 से चर्चा में ताई ने कहा था जो हुआ उसकी जरूरत नहीं थी। इंदौर भाजपा की सेफ सीट है। ताई ने ये भी कहा है कि उनके पास कई वुद्धिजीवियों और भाजपा समर्थकों के फोन आ रहे हैं जो इस घटना की निंदा करते हुए नोटा पर वोट डालने का कह रहे हैं। उन्हें समझाना मुश्किल हो रहा है।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।