इंदौर, 17 जून 2025

मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2024 में राज्य में 13 करोड़ 41 लाख पर्यटकों का आगमन हुआ, जो 2023 की तुलना में 19.6 प्रतिशत, 2019 की तुलना में लगभग 50.6 प्रतिशत और 2020 से 526 प्रतिशत अधिक है।

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरें, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीव विविधता पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शासन की दूरदर्शी नीतियों, आधारभूत ढांचे के विकास और स्थानीय सहभागिता का परिणाम है।

विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी
वर्ष 2024 में प्रदेश में 1.67 लाख विदेशी पर्यटक आए। इनमें खजुराहो में 33 हजार 131, ग्वालियर में 10 हजार 823 और ओरछा में 13 हजार 960 विदेशी पर्यटक पहुंचे। बांधवगढ़, कान्हा, पन्ना और पेंच जैसे अभयारण्यों में भी विदेशी पर्यटकों की अच्छी संख्या दर्ज की गई।

धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि
प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर 2024 में 10.7 करोड़ पर्यटक पहुंचे। उज्जैन में 7.32 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ, जो 2023 के मुकाबले 39 प्रतिशत अधिक है। चित्रकूट, मैहर, अमरकंटक, सलकनपुर और ओंकारेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों पर भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

विरासत पर्यटन में 25% वृद्धि
मध्यप्रदेश की विरासत स्थलों पर 80 लाख पर्यटक पहुंचे। ग्वालियर में पर्यटकों की संख्या तीन गुना बढ़कर 9 लाख तक पहुंच गई। खजुराहो, भोजपुर और महेश्वर भी पर्यटकों के पसंदीदा स्थल रहे। भोजपुर को यूनेस्को की टेंटेटिव सूची में और ग्वालियर को “क्रिएटिव सिटी ऑफ म्यूजिक” के रूप में मान्यता मिली है।

वन्यजीव पर्यटन आकर्षण का केंद्र
राज्य के प्रमुख वन्यजीव स्थलों पर पर्यटकों का अच्छा आगमन हुआ। पचमढ़ी, भेड़ाघाट, गांधीसागर, तामिया और हनुवंतिया जैसे स्थलों पर भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई। कुनो पालपुर में चीतों की पुनर्स्थापना परियोजना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा।

ग्रामीण और फिल्म पर्यटन को भी बढ़ावा
प्रदेश में 63 पर्यटन ग्राम विकसित किए गए हैं और 470 से अधिक होमस्टे संचालित हैं। चंदेरी और महेश्वर में फिल्म शूटिंग ने पर्यटकों की रुचि बढ़ाई। हाल ही में फिल्म “होमबाउंड” को कान्स फिल्म फेस्टिवल में सराहना मिली है।

शहरी पर्यटन में इंदौर सबसे आगे
इंदौर में 1.02 करोड़ पर्यटक पहुंचे। स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार 7वीं बार पहले स्थान पर आने से इंदौर स्मार्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित हुआ है।

सोर्स- जनसंपर्क से जारी विज्ञप्ति

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *